Avengers Doomsday Trailer: मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) के फैंस लंबे समय से फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. अब इस इंतजार को और रोमांचक बनाते हुए फिल्म का ट्रेलर सिनेमाघरों में दिखाया गया है. बड़े पर्दे पर ट्रेलर सामने आते ही दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया है. थिएटर से सामने आए रिएक्शन वीडियो और फैंस की प्रतिक्रियाएं सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिससे साफ है कि यह फिल्म पहले ही जबरदस्त चर्चा में आ चुकी है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मार्वल स्टूडियोज ने ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ के ट्रेलर को लेकर एक खास रणनीति अपनाई है. बताया जा रहा है कि फिल्म के चार अलग-अलग ट्रेलर वर्जन तैयार किए गए हैं, जिन्हें जेम्स कैमरून की फिल्म ‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर’ के थिएटर शोज के दौरान दिखाया जाएगा. ये ट्रेलर फिल्म की रिलीज से लगभग एक हफ्ते पहले ही दुनिया भर के सिनेमाघरों तक भेज दिए गए हैं और फिलहाल इन्हें सिर्फ बड़े पर्दे तक सीमित रखा गया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन चारों ट्रेलर को अगले चार हफ्तों में चरणबद्ध तरीके से रिलीज किया जाएगा, ताकि दर्शक ‘अवतार’ की नई फिल्म को बार-बार सिनेमाघर में देखने के लिए प्रेरित हों और साथ ही ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ को लेकर उत्सुकता बनी रहे.
रॉबर्ट डाउनी जूनियर की चौंकाने वाली वापसी
ट्रेलर से जुड़ी सबसे बड़ी चर्चा रॉबर्ट डाउनी जूनियर की MCU में वापसी को लेकर है. इस बार वह आयरन मैन के रूप में नहीं, बल्कि मार्वल के सबसे खतरनाक और चर्चित विलेन डॉक्टर डूम के किरदार में नजर आने वाले हैं. यह खुलासा सामने आने के बाद फैंस के बीच जबरदस्त हलचल मच गई है.
बताया जा रहा है कि ट्रेलर की फाइल्स सिनेमाघरों तक पहुंचा दी गई हैं, लेकिन उन्हें बेहद सख्त सुरक्षा में रखा गया है ताकि किसी भी तरह का लीक रोका जा सके. इसके बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म को रेटिंग मिल चुकी है, जिससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि डिजिटल रिलीज से पहले कुछ देशों में थिएटर स्क्रीनिंग के दौरान रिकॉर्ड की गई फुटेज ऑनलाइन सामने आ सकती है.
थिएटर को प्राथमिकता देने की रणनीति
मार्वल इस बार ऑनलाइन रिलीज से पहले थिएटर एक्सपीरियंस को ज्यादा अहमियत दे रहा है. इंडस्ट्री में इसे क्रिस्टोफर नोलन की रणनीति से जोड़ा जा रहा है, जहां फिल्मों और ट्रेलर्स को पहले बड़े पर्दे पर दिखाकर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा जाता है. इससे पहले भी ऐसी मिसालें देखी गई हैं, जब बड़े प्रोजेक्ट्स का फुटेज आधिकारिक रिलीज से पहले ही चर्चा में आ गया था, हालांकि स्टूडियोज की कोशिश यही रहती है कि दर्शक इसे थिएटर में ही देखें.
कब रिलीज होगी ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’
डिज्नी और मार्वल की योजना है कि ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ का ट्रेलर सबसे पहले सिनेमाघरों में ही देखा जाए. बताया जा रहा है कि यह ट्रेलर 18 दिसंबर से ‘अवतार: फायर एंड ऐश’ की शुरुआती स्क्रीनिंग के बाद दिखाया जाएगा. हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि क्रिसमस वीक के आसपास ट्रेलर को आधिकारिक तौर पर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जा सकता है.
वहीं, फिल्म की बात करें तो ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ 18 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. ट्रेलर से मिले संकेतों और स्टारकास्ट को देखते हुए यह फिल्म MCU की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक मानी जा रही है.
यह भी पढ़े- सफेद रंग, 67 इंच हाइट.. पंजाब से हरियाणा आए इस घोड़े की कीमत जान रह जाएंगे दंग; डाइट सुन चकरा जाएगा दिमाग