RRB Recruitment 2025: रेलवे ने फिर से सरकारी नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए खुशखबरी दी है. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने NTPC और जूनियर इंजीनियर (JE) पदों पर नई भर्ती की घोषणा की है. इस बार कुल 5620 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. लंबे समय से सरकारी नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह एक बड़ी अवसर माना जा रहा है.
NTPC UG लेवल भर्ती 2025
NTPC UG लेवल के तहत 3050 पदों पर आवेदन मांगे जाएंगे. इन पदों में कमर्शियल कम टिकट क्लर्क, ट्रेन क्लर्क, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट और जूनियर कम टाइपिस्ट जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं. आवेदन प्रक्रिया 28 अक्टूबर से शुरू होकर 27 नवंबर तक चलेगी. इस बार भर्ती में अधिकतम आयु सीमा को घटाकर 30 वर्ष किया गया है, जो पहले 33 वर्ष थी. यह बदलाव कई उम्मीदवारों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन युवाओं के लिए यह सुनहरा अवसर बना हुआ है.
योग्यता और चयन प्रक्रिया
इस भर्ती के लिए न्यूनतम 12वीं पास होना अनिवार्य है. सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 12वीं में 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों को छूट दी गई है. टाइपिस्ट पदों के लिए अंग्रेजी में 30 शब्द प्रति मिनट और हिंदी में 25 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड जरूरी होगी. उम्मीदवारों का चयन दो चरणों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) और टाइपिंग स्किल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा. नेगेटिव मार्किंग भी लागू होगी.
RRB JE भर्ती 2025
जूनियर इंजीनियर पदों के लिए 2570 रिक्तियां निकाली गई हैं. इस भर्ती में सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स या टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की डिग्री या डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा BCA, PGDCA या DOEACC B लेवल योग्य उम्मीदवार भी आवेदन करने के पात्र होंगे. आवेदन प्रक्रिया 31 अक्टूबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलेगी.
आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
JE भर्ती में उम्मीदवार की आयु 18 से 33 वर्ष के बीच होनी चाहिए. आरक्षित वर्ग को सरकारी नियमों के अनुसार छूट दी जाएगी. चयन प्रक्रिया में दो चरणों की CBT परीक्षा, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट शामिल है. पहले चरण में 100 प्रश्न और दूसरे चरण में 150 प्रश्न होंगे.
आवेदन कैसे करें?
उम्मीदवार दोनों भर्तियों के लिए आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. यह अवसर उन सभी युवाओं के लिए महत्वपूर्ण है, जो रेलवे में स्थायी सरकारी नौकरी पाना चाहते हैं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली के स्कूलों में एडमिशन के नए नियम, कक्षा 1 के लिए अब जरूरी 6 साल की उम्र, क्यों लिया गया यह फैसला?