Russia Drone Strike: पूर्वी यूरोप में एक बार फिर जंग की लपटें भड़क उठी हैं. रूस ने यूक्रेन पर बीती रात भारी मिसाइल और ड्रोन अटैक किया, जिसने कई शहरों को दहला दिया. राजधानी कीव से लेकर जापोरिजिया और निप्रो तक धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं. इन हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनों घायल हुए हैं. हमले की यह ताज़ा लहर साफ इशारा करती है कि रूस-यूक्रेन युद्ध अपने तीसरे साल में और भी खतरनाक मोड़ पर पहुंच चुका है.
यूक्रेन की वायुसेना के मुताबिक, रूस ने शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक एक साथ 450 से ज़्यादा बॉम्बर ड्रोन और 45 मिसाइलें दागीं. यूक्रेनी डिफेंस सिस्टम ने इनमें से 406 ड्रोन और 9 मिसाइलों को मार गिराया, लेकिन बाकी ने तबाही मचा दी. निप्रो शहर में एक अपार्टमेंट बिल्डिंग पर सीधा वार हुआ, दो लोगों की मौके पर मौत हो गई और 12 घायल हैं. वहीं जापोरिजिया में तीन लोगों की जान चली गई. यूक्रेन के कई शहरों में इमारतें खंडहर में तब्दील हो गईं और सैकड़ों लोग बेघर हो गए.
ऊर्जा ठिकाने बने मुख्य निशाना, अंधेरे में डूबे कई शहर
रूस का यह हमला सिर्फ आबादी पर नहीं, बल्कि यूक्रेन की ऊर्जा संरचना पर भी सीधा प्रहार था. कीव समेत 25 से ज्यादा इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई. यूक्रेनी प्रधानमंत्री यूलिया स्विरीडेंको ने कहा कि पोलतावा, खार्कीव और कीव के प्रमुख पावर स्टेशन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं. सरकार ने आपात बिजली मरम्मत टीमें भेज दी हैं, लेकिन देश के बड़े हिस्से में ब्लैकआउट बना हुआ है.
रिहायशी इलाकों में आग, मलबे में दबे लोग
यूक्रेन की आपातकालीन सेवाओं ने बताया कि एक नौ मंजिला इमारत में आग लगने से कई फ्लैट पूरी तरह नष्ट हो गए. बचावकर्मियों ने मलबे से दो बच्चों सहित कई लोगों को जिंदा निकाला, लेकिन कई अब भी लापता हैं. पावर ग्रिड को हुए नुकसान के कारण यूक्रेन के कई इलाकों में घंटों लंबी बिजली कटौती जारी है.
रूस ने भी यूक्रेन पर पलटवार का दावा किया
दूसरी ओर, रूस के रक्षा मंत्रालय ने भी यूक्रेन पर ड्रोन हमले का आरोप लगाया है. रूस का कहना है कि उसकी सेना ने बीती रात 79 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए. राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बयान दिया कि रूसी सेना “जीत के करीब” है और सीजफायर तभी संभव है जब यूक्रेन डोनेट्स्क और लुहान्स्क से बने डोनबास क्षेत्र को रूस को सौंप दे.
यह भी पढ़ें- Jio यूजर्स के लिए खुशखबरी! फ्री में मिल रहा ₹35,000 वाले Google AI Pro का सब्सक्रिप्शन, जानें डिटेल