ऋतुराज गायकवाड़ लगाते हैं शतक, तो हार जाती है टीम! एक-दो नहीं 4 बार हुआ नुकसान, देखें आंकड़े

भारतीय क्रिकेट में शतक हमेशा मैच का रुख बदलने वाला माइलस्टोन माना जाता है. लेकिन हर खिलाड़ी के साथ ऐसा नहीं होता.

Ruturaj Gaikwad scores a century then the team loses
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Ind vs SA: भारतीय क्रिकेट में शतक हमेशा मैच का रुख बदलने वाला माइलस्टोन माना जाता है. लेकिन हर खिलाड़ी के साथ ऐसा नहीं होता. टीम इंडिया के युवा ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिनके शतक कई बार टीम की जीत के बजाय हार लेकर आए हैं. हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रायपुर वनडे में यही सिलसिला एक बार फिर देखने को मिला.

रायपुर वनडे: करियर का पहला ODI शतक

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 3 दिसंबर को रायपुर में वनडे सीरीज का दूसरा मैच खेला गया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 358 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. विराट कोहली ने शानदार अंदाज में लगातार दूसरा शतक जड़ते हुए 102 रन बनाए, लेकिन मैच का सबसे बड़ा आकर्षण रहा ऋतुराज गायकवाड़ का पहला वनडे शतक.

गायकवाड़ ने दबाव में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 83 गेंदों में 105 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 2 छक्के शामिल थे. उनका स्ट्राइक रेट और टाइमिंग दोनों ही लाजवाब थे, और ऐसा लगा कि भारत ने मैच को लगभग अपने पक्ष में कर लिया है.

लेकिन दूसरी पारी भारतीय उम्मीदों के बिल्कुल विपरीत साबित हुआ. दक्षिण अफ्रीका ने 359 रन का विशाल लक्ष्य केवल 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया. यह भारत में भारत के खिलाफ उनका संयुक्त रूप से सबसे बड़ा सफल रनचेज था. नतीजा- गायकवाड़ का पहला ODI शतक भी भारत को जीत नहीं दिला सका.

इंटरनेशनल क्रिकेट में पहला शतक

रायपुर वनडे कोई पहला मौका नहीं था जब गायकवाड़ के शतक के बावजूद टीम इंडिया को हार मिली हो. इससे पहले नवंबर 2023 में गुवाहाटी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान यही कहानी दोहराई गई थी.

28 नवंबर 2023 को खेले गए मैच में ऋतुराज गायकवाड़ ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक लगाया था. उन्होंने सिर्फ 57 गेंदों में 123 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी. भारत ने 223 रन का बड़ा स्कोर बनाया था.

लेकिन इस मैच में ग्लेन मैक्सवेल का तूफान छा गया. मैक्सवेल ने भी शतक लगाते हुए ऑस्ट्रेलिया को लक्ष्य तक पहुंचा दिया और यह स्कोर भारत के खिलाफ टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा सफल रनचेज बन गया. इस तरह गायकवाड़ का पहला इंटरनेशनल शतक भी टीम की हार के साथ ही जुड़ा.

आईपीएल में भी दो शतक और दोनों बार हार

यह दुर्भाग्य सिर्फ अंतरराष्ट्रीय स्तर तक सीमित नहीं रहा. इंडियन प्रीमियर लीग में भी गायकवाड़ के शतक अक्सर टीम के लिए भारी पड़े हैं. चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से आईपीएल इतिहास में 10 शतक लगे हैं, लेकिन इनमें से केवल दो मौकों पर टीम को हार मिली और संयोग से दोनों शतक गायकवाड़ के थे.

IPL 2021: राजस्थान के खिलाफ

2021 सीजन में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार 101 रन* बनाए. CSK ने मजबूत स्कोर भी खड़ा किया, लेकिन राजस्थान ने लक्ष्य (190 रन) को बेहद आसानी से चेज कर लिया.

IPL 2024: लखनऊ के खिलाफ

2024 सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ गायकवाड़ ने दमदार 108 रन की पारी खेली. चेन्नई ने 211 रन बनाए, जो किसी भी दिन जीत का स्कोर माना जाता है, लेकिन LSG ने इस लक्ष्य को भी पार कर लिया और CSK को हार का सामना करना पड़ा.

ये भी पढ़ें- जब चलते हैं पुतिन तो क्यों नहीं हिलाते राइट हैंड? क्या है इसकी वजह; जानें