Satya Nadella Microsoft: तकनीक की दुनिया में कुछ नाम ऐसे होते हैं जो दशकों तक शीर्ष पर राज करते हैं, लेकिन इतिहास गवाह है कि जब ये कंपनियां बदलाव की रफ्तार से पीछे छूटीं, तो उनका नाम किताबों में दर्ज रह गया, बाजार में नहीं. शायद यही कारण है कि माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला ने हाल ही में एक इंटरनल टाउनहॉल में कंपनी के भविष्य को लेकर जो बातें कहीं, वो पूरी इंडस्ट्री के लिए एक चेतावनी की तरह हैं.
नडेला की चिंता का केंद्र है AI का बढ़ता दबदबा, और इसके चलते बदलती टेक्नोलॉजी वर्कप्लेस संस्कृति. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर माइक्रोसॉफ्ट ने खुद को नई तकनीकों और बाज़ार की मांगों के मुताबिक नहीं बदला, तो वो भी उन बड़ी कंपनियों की सूची में आ सकती है जो कभी लीडर थीं, लेकिन आज सिर्फ अध्ययन का विषय हैं.
AI से डर नहीं, बदलाव की अनिवार्यता से है चेतावनी
नडेला ने कहा, “हमारे कुछ सबसे बड़े बिज़नेस भविष्य में शायद उतने प्रासंगिक न रहें.” उन्होंने डिजिटल इक्विपमेंट कॉर्पोरेशन (DEC) का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे तकनीकी बदलाव के साथ खुद को न बदलने वाली कंपनियां धीरे-धीरे खत्म हो जाती हैं.
उनका ये बयान बताता है कि भले ही माइक्रोसॉफ्ट OpenAI के साथ मिलकर AI के क्षेत्र में अग्रणी दिख रही हो, लेकिन भीतर से कंपनी के टॉप लीडर खुद को समय से पहले बदलने के लिए संघर्षरत हैं.
ऑफिस कल्चर हो गया है ‘ठंडा’ और ‘कम मानवीय’
इस टाउनहॉल के दौरान एक यूके स्थित कर्मचारी ने माइक्रोसॉफ्ट के वर्क कल्चर में आ रहे बदलावों को लेकर सवाल उठाया. कर्मचारी का कहना था कि कंपनी अब पहले जैसी नहीं रही, यहां काम का माहौल अब "ज़्यादा कठोर और कम संवेदनशील" हो गया है.
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए नडेला ने कहा कि उन्हें अपनी कंपनी की संस्कृति में फिर से “विश्वास” और “संवाद” को मजबूत करने की जरूरत है.
ऑफिस रिटर्न और छंटनी की नीतियों से कर्मचारियों में बेचैनी
नडेला की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब माइक्रोसॉफ्ट अपनी कार्यशैली में बड़े बदलाव लागू कर रहा है. कंपनी ने कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे हर हफ्ते कम से कम 3 दिन ऑफिस में मौजूद रहें. जो कर्मचारी इन दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करेंगे, उन्हें प्रमोशन और अन्य बेनेफिट्स से वंचित किया जा सकता है.
इसके साथ ही, कम परफॉर्मेंस के आधार पर माइक्रोसॉफ्ट ने सैकड़ों कर्मचारियों की छंटनी भी की है. फरवरी 2025 में कंपनी ने बताया था कि वह अपनी कुल वर्कफोर्स का 3% हिस्सा, यानी करीब 6,000 कर्मचारी कम करेगी.
क्या माइक्रोसॉफ्ट समय के साथ खुद को फिर से गढ़ पाएगा?
सवाल अब ये नहीं है कि माइक्रोसॉफ्ट AI की दौड़ में शामिल है या नहीं, बल्कि ये है कि क्या वह खुद को इतने तेज़ी से बदल पाएगा कि यह दौड़ उसे न निगल जाए. सत्या नडेला की ईमानदारी और आत्ममंथन भले ही संगठनात्मक रूप से साहसी कदम हों, लेकिन ये संकेत भी हैं कि टेक्नोलॉजी की सबसे ऊंची कुर्सी पर बैठी कंपनी भी असुरक्षित महसूस कर सकती है.
आने वाले सालों में AI, ऑटोमेशन और हाइब्रिड वर्क कल्चर के दौर में माइक्रोसॉफ्ट जैसे दिग्गज ब्रांड किस तरह खुद को फिर से परिभाषित करेंगे, यह देखना दिलचस्प होगा.
यह भी पढ़ें- पवन सिंह की एग्जिट... अब होगी खेसारी लाल की एंट्री! मेकर्स कर रहे तैयारी?