सावधान! उत्तर प्रदेश में 24 दिसंबर तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड, कोल्ड वेब को लेकर IMD ने जारी किया अलर्ट

UP Weather: उत्तर प्रदेश में सर्दी ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. ठिठुरन बढ़ने के साथ-साथ घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. सड़कों पर रफ्तार थम गई है, रेल और हवाई सेवाओं पर असर पड़ रहा है और सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो गई है. 

severe cold in Uttar Pradesh till December 24 IMD issued alert regarding cold web
Image Source: ANI/ File

UP Weather: उत्तर प्रदेश में सर्दी ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. ठिठुरन बढ़ने के साथ-साथ घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. सड़कों पर रफ्तार थम गई है, रेल और हवाई सेवाओं पर असर पड़ रहा है और सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो गई है. 

इसी को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और चेतावनी दी है कि आने वाले दो दिनों तक मौसम की यह प्रतिकूल स्थिति बनी रह सकती है.

उत्तर प्रदेश में सर्दी और कोहरे का दोहरा असर

लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी बयान के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहा. खासकर तड़के सुबह के समय हालात बेहद खराब रहे. कई जिलों में दृश्यता इतनी कम हो गई कि वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. आगरा एयरपोर्ट, प्रयागराज, कानपुर एयरपोर्ट, बरेली, झांसी समेत कई स्थानों पर विजिबिलिटी 50 मीटर से भी नीचे दर्ज की गई, जो सामान्य जनजीवन और परिवहन के लिए बेहद जोखिम भरी स्थिति मानी जाती है.

आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है. न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास हो रहा है, वहीं कोहरे के कारण दिन की शुरुआत भी सुस्त हो गई है.

24 दिसंबर तक बने रह सकते हैं ठंड के हालात

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि 22 दिसंबर तक राज्य के कई जिलों में देर रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में 24 दिसंबर तक कड़ाके की ठंड की स्थिति बनी रह सकती है. ठंडी हवाओं और कम धूप के कारण तापमान में खास सुधार की उम्मीद फिलहाल नहीं जताई गई है. विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि अत्यधिक ठंड स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है.

इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, लखनऊ, कानपुर, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी, बरेली, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, गोरखपुर, अयोध्या, सुल्तानपुर, रायबरेली, सीतापुर, हरदोई, इटावा, मैनपुरी, अलीगढ़ और मथुरा सहित कई जिलों में घने कोहरे का अनुमान जताया गया है. इन इलाकों में सुबह के समय सड़क, रेल और हवाई यातायात पर विशेष असर पड़ सकता है.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने आम लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. खासतौर पर सुबह के समय अनावश्यक यात्रा से बचने, वाहन चलाते समय फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और धीमी गति बनाए रखने की सलाह दी गई है. साथ ही प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके.

कुल मिलाकर, उत्तर प्रदेश में फिलहाल ठंड और कोहरे से राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं. मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की जरूरत है, ताकि इस कड़ाके की सर्दी के मौसम में किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके.

यह भी पढ़ें- नोएडा वाले ध्यान दें! क्रिसमस और न्यू ईयर पार्टी के लिए लेनी होगी परमिशन, पढ़ें प्रशासन की गाइडलाइन