बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान 2 नवंबर को 60 साल के हो गए. पूरे देश में उनके फैंस के बीच इस दिन का माहौल किसी त्यौहार से कम नहीं रहा. आधी रात से ही मुंबई के बांद्रा स्थित उनके बंगले ‘मन्नत’ के बाहर हजारों की भीड़ जुटी रही. लोग हाथों में बैनर, पोस्टर और केक लेकर अपने चहेते सुपरस्टार का जन्मदिन मनाने पहुंचे. भले ही शाहरुख इस बार फैंस के सामने नहीं आए, लेकिन मन्नत के बाहर की भीड़ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि किंग खान का क्रेज किसी भी स्टार से अलग है.
सूत्रों के मुताबिक, शाहरुख खान इस बार अपना जन्मदिन मुंबई में नहीं बल्कि अलीबाग स्थित अपने फार्महाउस में मना रहे हैं. यह जश्न बेहद प्राइवेट रहा, जिसमें सिर्फ करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य शामिल हुए. करण जौहर, रानी मुखर्जी, फराह खान, और कुछ इंडस्ट्री के चुनिंदा लोग इस खास सेलिब्रेशन का हिस्सा बने. करण जौहर ने सोशल मीडिया पर पार्टी की एक तस्वीर साझा की जिसमें वे रानी मुखर्जी के साथ नजर आ रहे हैं, जबकि फराह खान ने भी शाहरुख के साथ अपनी एक मुस्कुराती हुई फोटो पोस्ट करते हुए लिखा “60 साल के नहीं, 25 साल के लग रहे हो किंग खान.
फैंस ने सड़क पर काटा केक, लगाए ‘भारत की शान शाहरुख खान’ के नारे
मन्नत के बाहर पहुंचे फैंस की दीवानगी देखने लायक थी. देर रात तक लोग ‘आई लव यू शाहरुख’, ‘किंग ऑफ बॉलीवुड’, और ‘भारत की शान शाहरुख खान’ के नारे लगाते रहे.कई फैंस पोस्टर और लाइट्स लेकर पहुंचे थे. उन्होंने सड़क पर ही केक काटा और आतिशबाज़ी की. सोशल मीडिया पर अब इन फैंस के वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें लोग शाहरुख के घर के बाहर नाचते, झूमते और जश्न मनाते नजर आ रहे हैं.
मन्नत से दूर क्यों हैं शाहरुख?
कई लोगों को यह जानकर हैरानी हुई कि शाहरुख खान इस समय ‘मन्नत’ में नहीं रह रहे हैं. दरअसल, उनके इस मशहूर बंगले में पिछले कुछ महीनों से बड़े पैमाने पर रिनोवेशन का काम चल रहा है. इसी वजह से शाहरुख और उनका परिवार फिलहाल मुंबई के पॉश इलाके पाली हिल स्थित ‘पूजा कासा’ नाम की बिल्डिंग में दो लग्जरी अपार्टमेंट किराए पर लेकर रह रहा है.
फैंस को मिलेगा बर्थडे गिफ्ट फिल्म ‘किंग’ का ऐलान
शाहरुख खान के जन्मदिन पर उनके चाहने वालों के लिए एक और बड़ा सरप्राइज तैयार है. बताया जा रहा है कि उनकी अगली फिल्म ‘किंग’ को लेकर जल्द ही ऑफिशियल अनाउंसमेंट किया जाएगा.इस फिल्म में दीपिका पादुकोण और उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी. यह फिल्म शाहरुख की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाई जा रही है. माना जा रहा है कि यह एक स्टाइलिश एक्शन ड्रामा होगा, जिसमें पिता-पुत्री की जोड़ी को पहली बार बड़े पर्दे पर देखा जाएगा.
शाहरुख का जादू अब भी कायम
‘पठान’ और ‘जवान’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बाद शाहरुख खान का करियर एक बार फिर ऊंचाइयों पर है. 60 की उम्र में भी उनकी एनर्जी, करिश्मा और लोकप्रियता किसी युवा स्टार से कम नहीं.चाहे मन्नत के बाहर खड़े फैंस हों या सोशल मीडिया पर चल रहा #HappyBirthdaySRK ट्रेंड — हर जगह बस एक ही नाम गूंजता रहा, “किंग खान!”
यह भी पढ़ें: जावेद अख्तर को SOA साहित्य सम्मान 2025 के लिए किया जाएगा सम्मानित, क्या है यह पुरस्कार?