नई दिल्ली: क्रिकेट के मैदान पर अपने शांत स्वभाव और आक्रामक बल्लेबाज़ी के लिए पहचाने जाने वाले पूर्व भारतीय ओपनर शिखर धवन इस बार किसी मैच या रिकॉर्ड को लेकर नहीं, बल्कि एक गंभीर मुद्दे को लेकर चर्चा में हैं. बांग्लादेश में हिंदुओं समेत अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों को लेकर शिखर धवन ने चिंता जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हुए उस वीडियो की कड़ी निंदा की, जिसमें एक हिंदू महिला के साथ बर्बरता की तस्वीरें सामने आईं.
दरअसल हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसने दोनों देशों में आक्रोश पैदा कर दिया. वीडियो में बांग्लादेश की एक हिंदू महिला के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किए जाने और फिर उसे पेड़ से बांध दिए जाने का दृश्य दिखाया गया. इस घटना पर शिखर धवन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
शिखर धवन ने जताई चिंता
शिखर धवन ने X पर एक पोस्ट में कहा कि बांग्लादेश में एक हिंदू विधवा पर हुए क्रूर हमले के बारे में पढ़कर दिल टूट गया. किसी के भी खिलाफ, कहीं भी ऐसी हिंसा बर्दाश्त नहीं की जा सकती. न्याय के लिए प्रार्थना और पीड़ित के लिए समर्थन. धवन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और दुनियाभर में घट रही घटनाओं पर अक्सर अपनी प्रतिक्रिया देते हैं. बता दें, शिखर धवन साल 2024 में ही इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं. हालांकि, वह दुनियाभर की कई लीग में अभी भी सक्रिय हैं. पिछले साल वह कनाडा सुपर 60 में शिरकत करते नजर आए थे. वह व्हाइट रॉक वॉरियर्स की टीम का हिस्सा थे.
Heartbreaking to read about the brutal assault on a Hindu widow in Bangladesh. Such violence against anyone, anywhere is unacceptable. Prayers for justice and support for the survivor. 🙏
— Shikhar Dhawan (@SDhawan25) January 7, 2026
अल्पसंख्यकों की बढ़ती असुरक्षा
बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद से ही हालात तेजी से बदले हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिंदू समुदाय पर हमलों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. दिसंबर से अब तक कम से कम छह हिंदुओं की हत्या की खबरें आई हैं, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ा दी है. अल्पसंख्यकों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है, जबकि प्रशासन पर स्थिति संभालने को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
हत्याएं और डर का माहौल
जनवरी के पहले सप्ताह में ही कई दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आईं. 5 जनवरी को जेसोर जिले में हिंदू बिजनेसमैन और स्थानीय अखबार के एडिटर राणा प्रताप बैरागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. उसी दिन 40 वर्षीय किराना दुकानदार शरत मणि चक्रवर्ती की भी जान चली गई. इससे पहले 3 जनवरी को शरियतपुर जिले में खोकन चंद्र दास पर बेरहमी से हमला किया गया और बाद में आग लगाने से उनकी मौत हो गई. इन घटनाओं ने बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं के बीच भय को और गहरा कर दिया है.
खेल से राजनीति तक, रिश्तों में बढ़ती तल्खी
सिर्फ सामाजिक हालात ही नहीं, बल्कि भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में भी हाल के महीनों में तनाव देखने को मिला है. IPL फ्रैंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद हालात और बिगड़ गए. इसके जवाब में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने T20 वर्ल्ड कप से जुड़ा एक बड़ा कदम उठाते हुए अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया, जिसने खेल जगत में भी हलचल मचा दी.
ICC की कोशिशें और T20 वर्ल्ड कप 2026 की चुनौती
भारत-बांग्लादेश क्रिकेट विवाद का असर अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर भी पड़ता दिख रहा है. ICC इस समय बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को मनाने की कोशिशों में जुटी है, ताकि T20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन तय समय पर और बिना किसी बाधा के हो सके. हालांकि मौजूदा हालात यह संकेत दे रहे हैं कि जब तक राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तनाव कम नहीं होता, तब तक खेल भी उससे अछूता नहीं रह पाएगा.
ये भी पढ़ें: IND U19 vs SA U19: वैभव सूर्यवंशी ने फिर जड़ा तूफानी शतक, दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों को जमकर धोया