Shivang Kumar Bowling: विजय हजारे ट्रॉफी के सातवें राउंड में कर्नाटक की मजबूत टीम को धूल चटाने वाले शिवांग कुमार ने अपनी गेंदबाजी से सभी को चौंका दिया. एक तरफ जहां कर्नाटक के बल्लेबाज मैच दर मैच शतक बना रहे थे, वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश के इस युवा गेंदबाज ने कर्नाटक के मिडिल-ऑर्डर को चुर-चुर कर दिया. उन्होंने पांच विकेट लेकर कर्नाटक को महज 207 रनों पर समेट दिया, जो उस समय उनकी गेंदबाजी का शानदार प्रदर्शन था.
चाइनामैन गेंदबाजी से मचाया तहलका
शिवांग कुमार, जो खुद एक चाइनामैन गेंदबाज हैं, कर्नाटक के बल्लेबाजों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं रहे. उनकी गेंदबाजी का अंदाज और उनकी कलाई के जादू ने कर्नाटक के कई स्टार बल्लेबाजों को अपना शिकार बना दिया. अभिनव मनोहर, रविचंद्रन स्मरण, श्रीशा एस आचार, केएल श्रीजीत और श्रेयस गोपाल जैसे प्रमुख बल्लेबाज शिवांग की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं पाए.
शिवांग की खासियत उनके एकदम सटीक और घुमावदार गेंदों में है. उन्होंने श्रेयस गोपाल को जिस तरह से बोल्ड किया, वो पल एकदम वाकई रोमांचक था और यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. शिवांग की गेंदबाजी में जो काबिलियत दिखाई दी, उससे यह साबित हो गया कि वह आने वाले समय में और भी बड़ा नाम बना सकते हैं.
आईपीएल में जलवा दिखाएंगे शिवांग कुमार
शिवांग कुमार को अपनी शानदार गेंदबाजी के कारण अब आईपीएल में भी खेलने का मौका मिलने वाला है. सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा है, हालांकि यह भी सच है कि शिवांग अभी घरेलू क्रिकेट में अपने करियर के शुरुआती चरण में हैं. उन्होंने अब तक कुल तीन लिस्ट ए मैच खेले हैं और इनमें से दो में उन्हें पांच विकेट हासिल हुए हैं.
टी20 क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन बेहतरीन रहा है, जिसमें उन्होंने चार मैचों में चार विकेट लिए हैं. इसके अलावा, वह बल्लेबाजी भी कर सकते हैं और इसने उनकी बहुमुखी प्रतिभा को और निखारा है. ऐसे में उनके आईपीएल में खेलने से युवा क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि वह जल्दी ही अपना जलवा दिखाएंगे.
शिवांग कुमार का क्रिकेट सफर
शिवांग कुमार का जन्म उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में हुआ था. उनके पिता प्रवीण कुमार, जो बंगाल के लिए रणजी ट्रॉफी खेल चुके हैं, फिलहाल रेलवे में चीफ टिकट इंस्पेक्टर के तौर पर काम कर रहे हैं. शिवांग ने 2015 में मध्य प्रदेश का रुख किया और वहां अंडर-16, अंडर-17, अंडर-19 और अंडर-23 टीमों में स्थान पाकर अपनी क्रिकेट यात्रा की शुरुआत की. अब वह मध्य प्रदेश की सीनियर टीम में अपनी पहचान बना रहे हैं.
ये भी पढ़ें: ऋतुराज गायकवाड़ के बल्ले ने उगली आग, VHT में धमाकेदार पारी खेल बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड, कोहली भी रह गए पीछे