सांस लेने और छोड़ने में होती है दर्द, श्रेयस अय्यर को जिस पसली में लगी चोट; रिकवरी में कितना लगेगा समय? जानें

भारतीय क्रिकेट टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज श्रेयस अय्यर इन दिनों क्रिकेट मैदान से दूर हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में कैच पकड़ते समय उन्हें ऐसी चोट लगी, जिसने ना सिर्फ उन्हें खेल से बाहर किया बल्कि कुछ दिनों के लिए अस्पताल तक पहुंचा दिया.

shreyas iyer indian batsman health update by health expert sarthak patnaik
Image Source: Social Media

भारतीय क्रिकेट टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज श्रेयस अय्यर इन दिनों क्रिकेट मैदान से दूर हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में कैच पकड़ते समय उन्हें ऐसी चोट लगी, जिसने ना सिर्फ उन्हें खेल से बाहर किया बल्कि कुछ दिनों के लिए अस्पताल तक पहुंचा दिया. सिडनी के एक अस्पताल में भर्ती कराए गए अय्यर की चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें आईसीयू (ICU) में भी रखा गया. हालांकि अब उनकी तबीयत पहले से बेहतर है और डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी है, लेकिन क्रिकेट में वापसी अभी दूर है.

श्रेयस अय्यर की सेहत पर अब स्पोर्ट्स साइंस इंडिया के संस्थापक और जाने-माने आर्थोस्कोपी एवं स्पोर्ट्स सर्जन डॉ. सार्थक पटनायक ने बड़ा अपडेट दिया है. उन्होंने कहा कि श्रेयस की हालत में सुधार है, मगर उन्हें पूरी तरह फिट होकर मैदान पर लौटने में वक्त लगेगा.

डॉ. पटनायक के मुताबिक 

“श्रेयस अय्यर को खेल में वापसी करने में करीब दो से तीन महीने लग सकते हैं. पसली की चोट बहुत दर्दनाक होती है क्योंकि हर बार सांस लेने और छोड़ने पर दर्द महसूस होता है. इस तरह की चोटों में पेट के अंदर ब्लीडिंग (रक्तस्राव) भी हो सकती है, जिससे सूजन और दर्द बना रहता है.”उन्होंने आगे बताया कि कैच लेते वक्त अय्यर की बाईं पसली सीधे जमीन से टकराई, जिससे उनके तिल्ली (Spleen) में भी चोट पहुंची. यही कारण है कि उनकी रिकवरी में सामान्य से अधिक समय लग रहा है.

मैदान पर हादसे का पल

यह घटना ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान हुई थी. उस समय श्रेयस ने विकेटकीपर एलेक्स कैरी का शानदार कैच पकड़ने के लिए डाइव लगाई थी. मगर जैसे ही वे पेट के बल जमीन पर गिरे, उनकी पसली पर जोरदार चोट लगी. दर्द इतना तीव्र था कि वे वहीं मैदान पर गिर पड़े और तुरंत मेडिकल टीम को बुलाना पड़ा. मैच के तुरंत बाद अय्यर को सिडनी के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें भर्ती कर लिया. रिपोर्ट्स के अनुसार, तिल्ली में चोट और पसली में फ्रैक्चर जैसी स्थिति के चलते उन्हें कुछ दिनों तक आईसीयू में निगरानी में रखा गया था.

BCCI ने दी थी राहतभरी जानकारी

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कुछ दिन पहले श्रेयस अय्यर की सेहत को लेकर बयान जारी किया था. बोर्ड ने कहा था कि अय्यर की स्थिति पहले से बेहतर है और वे धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं. साथ ही बताया गया था कि मेडिकल टीम लगातार उनकी रिकवरी पर नजर रख रही है. सूत्रों के अनुसार, अब जब डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी है, तो अय्यर अगले कुछ हफ्तों तक क्रिकेट से पूरी तरह दूर रहेंगे. बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि वे तब तक मैदान पर नहीं लौटेंगे, जब तक फिटनेस टेस्ट में सौ प्रतिशत पास नहीं हो जाते.

श्रेयस ने फैंस को दिया भरोसा

चोट लगने के बाद श्रेयस अय्यर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए कहा था कि वे जल्द ही मैदान पर लौटेंगे. उन्होंने लिखा था, आप सभी की दुआओं और समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद. मैं जल्दी ही अपनी टीम के साथ फिर से खेलते हुए नजर आऊंगा. उनके इस संदेश से फैंस को राहत तो मिली, लेकिन डॉक्टरों की सलाह के अनुसार अभी उन्हें पूरी तरह आराम की जरूरत है.

वापसी में लगेगा समय, लेकिन उम्मीदें कायम

क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि पसली और तिल्ली से जुड़ी चोटों में खिलाड़ी को रिकवरी के लिए पूरा समय देना चाहिए, क्योंकि जल्दबाज़ी से यह चोट दोबारा भी बढ़ सकती है. डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक, श्रेयस अगले दो से तीन महीनों में मैदान पर वापसी कर सकते हैं, अगर उनकी हीलिंग प्रक्रिया सुचारू रही. फिलहाल टीम इंडिया भी अय्यर की अनुपस्थिति में उनके स्थान पर मध्यक्रम में नए संयोजन को आजमा रही है, लेकिन फैंस को बेसब्री से इंतजार है उस दिन का जब श्रेयस अय्यर फिर से भारतीय जर्सी पहनकर मैदान पर चौके-छक्के लगाते नजर आएंगे.

यह भी पढ़ें: 'अब क्रिकेट सिर्फ जेंटलमैन का खेल नहीं', जीत के बाद हरमनप्रीत का ये पोस्ट हुआ वायरल