कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चल रही टेस्ट सीरीज़ का पहला मैच एक अप्रत्याशित मोड़ ले बैठा, जब भारतीय कप्तान शुभमन गिल अचानक चोटिल होकर मैदान से बाहर हो गए. भारतीय पारी के दौरान हुआ यह घटनाक्रम न सिर्फ टीम के लिए चिंता का विषय बना, बल्कि मैच के नतीजे पर भी इसका असर दिखा.
भारतीय टीम की पहली पारी के दौरान शुभमन गिल महज 4 रन के निजी स्कोर पर थे, जब साइमन हार्मर की गेंद को स्वीप करते हुए वह अचानक दर्द से कराह उठे. शॉट के तुरंत बाद ही उन्होंने अपनी गर्दन के बाएं हिस्से को पकड़ लिया और फिजियो को बुलाया गया. प्रारंभिक उपचार के बावजूद दर्द कम नहीं हुआ, इसलिए टीम मैनेजमेंट ने उन्हें रिटायर्ड हर्ट घोषित कर मैदान से बाहर कर दिया. बाद में स्थिति इतनी बिगड़ गई कि शुभमन गर्दन हिलाने में भी असमर्थ दिखे. ड्रेसिंग रूम में उन्हें नेक कॉलर लगाया गया और थोड़ी देर बाद स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाया गया.
भड़के गौतम गंभीर
यह सुनने में आया है कि भारतीय क्रिकेट टीम के भीतर इस बात को लेकर नाराजगी है कि उनका इलाज सही समय पर नहीं किया गया. रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय टीम मैनेजमेंट ने एक विशेषज्ञ से इस मामले में सलाह देने का फैसला लिया. भारतीय कैंप से जानकारी मिली कि टीम के फिजियो और ट्रेनर की सलाह पर, गिल की चोट की जांच और दर्द से राहत के लिए एक विशेषज्ञ की व्यवस्था की गई थी. भारतीय टीम ने मैच आयोजकों से भी एक विशेषज्ञ डॉक्टर लाने का अनुरोध किया.
ICU में भर्ती, हालत स्थिर
मैच के दूसरे दिन यानी 15 नवंबर की शाम शुभमन गिल को तुरंत वुडलैंड्स अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है ताकि उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा सके. स्कैन और MRI रिपोर्ट पूरी की जा चुकी हैं. उन्हें गर्दन और उसके आसपास अत्यधिक दर्द की शिकायत थी, इसी वजह से मेडिकल टीम कोई जोखिम नहीं लेना चाहती. राहत की बात यह है कि शुभमन की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
मोर्ने मोर्केल ने दी प्रतिक्रिया
दिन का खेल खत्म होने के बाद भारत के गेंदबाज़ी कोच मोर्ने मोर्केल ने शुभमन की चोट पर सवाल पूछे जाने पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. उन्होंने कहा—“हमें पहले समझना होगा कि आखिर गर्दन में जकड़न कैसे हुई. यह वर्कलोड से जुड़ा मामला नहीं लगता. संभव है कि पिछली रात नींद ठीक न होने की वजह से ऐसी स्थिति बनी हो.”
टीम इंडिया की पारी जल्द सिमटी
शुभमन गिल के वापस न आने की वजह से भारतीय टीम की पहली पारी 9वें विकेट गिरते ही 189 रन पर समाप्त हो गई. गिल की अनुपस्थिति ने मिडिल ऑर्डर पर दबाव बढ़ाया, लेकिन उनकी जगह आए ऋषभ पंत ने पारी को संभालने की कोशिश की.
आगे मैच से बाहर होने की आशंका
शुभमन के इस टेस्ट मैच के शेष हिस्से से बाहर होने की संभावना लगभग तय मानी जा रही है. कप्तान का बाहर होना टीम संयोजन को प्रभावित कर सकता है, हालांकि बीसीसीआई द्वारा जारी अपडेट में साफ कहा गया है कि मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है. गर्दन में आए ऐंठन की वजह से लगे सर्वाइकल कॉलर के साथ शुभमन को अस्पताल ले जाते हुए देखा गया, जिससे साफ है कि चोट हल्की नहीं है और आगे की जांच के आधार पर ही निर्णय लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: शुभमन गिल को बीच खेल में ऐसा क्या हुआ कि ICU में होना पड़ा भर्ती, कोलकाता टेस्ट खेलना मुश्किल