भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रही टेस्ट सीरीज अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है. ठीक इसी बीच टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. कप्तान शुभमन गिल, जिन्होंने कोलकाता टेस्ट में बल्लेबाजी के दौरान गर्दन में दर्द की शिकायत की थी, अब आधिकारिक रूप से दूसरे टेस्ट से बाहर हो चुके हैं. उनके स्थान पर एक बार फिर ऋषभ पंत टीम की कमान संभालते नजर आएंगे.
कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान शुभमन गिल गर्दन की चोट से जूझते नजर आए. पहली पारी में रिटायर्ड हर्ट होने के बाद वे दूसरी पारी में भी मैदान पर उतर नहीं सके. इसी कमी का खामियाजा टीम इंडिया को 124 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए 30 रनों से हार के रूप में चुकाना पड़ा. बीसीसीआई ने बुधवार को एक बयान जारी कर बताया था कि गिल टीम के साथ गुवाहाटी जाएंगे, लेकिन उनके खेलने पर फैसला बाद में लिया जाएगा. इंडियन एक्सप्रेस की ताज़ा रिपोर्ट ने स्पष्ट कर दिया कि गिल अब उपलब्ध नहीं हैं.
कप्तानी एक बार फिर ऋषभ पंत को
गिल के बाहर होने के साथ ही कप्तानी की जिम्मेदारी स्वाभाविक तौर पर उपकप्तान ऋषभ पंत पर आ गई है. पंत ने पहले टेस्ट में भी टीम की कमान संभाली थी और अब गुवाहाटी में दूसरा टेस्ट भी वे ही लीड करेंगे.गिल की जगह बल्लेबाज साई सुदर्शन को प्लेइंग XI में मौका मिलने की पूरी संभावना है. युवा सुदर्शन के पास अब अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मौका है.
बीसीसीआई का आधिकारिक अपडेट
बोर्ड ने बताया था कि गिल को कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन गर्दन में चोट आई थी. खेल खत्म होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया और रातभर निगरानी में रखने के बाद छुट्टी दे दी गई. बीसीसीआई ने यह भी कहा था कि उनकी रिकवरी तेज है और वे टीम के साथ यात्रा करेंगे, लेकिन अंतिम फैसला मेडिकल टीम पर निर्भर करेगा जो अब लिया जा चुका है.
गुवाहाटी टेस्ट: करो या मरो की स्थिति
दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत अभी 0-1 से पीछे है. ऐसे में गुवाहाटी टेस्ट जीतना टीम इंडिया के लिए जरूरी है. यदि मैच ड्रा भी होता है तो सीरीज दक्षिण अफ्रीका के नाम हो जाएगी.भारत के सामने दूसरी बड़ी चुनौती दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा हैं, जो अब तक अपने 11 टेस्ट में एक भी मुकाबला नहीं हारे हैं. बावुमा की कप्तानी में 10 मैच दक्षिण अफ्रीका ने जीते हैं, जबकि एक ड्रा रहा है.अब भारत को न सिर्फ अपनी गलतियों को सुधारना होगा, बल्कि बावुमा के इस अपराजित रिकॉर्ड को भी तोड़ना होगा.
यह भी पढ़ें: वेस्टइंडीज के इस धाकड़ बल्लेबाज ने रचा इतिहास, ब्रायन लारा के बड़े रिकॉर्ड की कर ली बराबरी