राजस्थान के सीकर जिले से एक सनसनीखेज और दुखद खबर सामने आई है, जहां एक ही परिवार के पांच लोगों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. इस मामले ने पूरे इलाके में खलबली मचा दी है. पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है ताकि मौत के पीछे की असली वजहों का पता लगाया जा सके.
पति-पत्नी के विवाद के बाद अलग रहने लगी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार किरण नामक महिला अपने पति से अनबन के चलते अपने दो बेटों और दो बेटियों के साथ अनिरुद्ध रेजिडेंसी के फ्लैट में रह रही थी. इसी फ्लैट में उनके शव पाए गए. शुरुआती जांच में पुलिस को जहर के आठ पाउच भी मिले हैं, जो इस बात का संकेत हैं कि यह मामला सामूहिक आत्महत्या का हो सकता है. सुसाइड के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है.
कैसे हुआ खुलासा?
फ्लैट से तेज बदबू आने पर बिल्डिंग के अन्य निवासियों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम को अंदर जाने में काफी मुश्किल हुई क्योंकि फ्लैट अंदर से बंद था. बदबू इतनी तेज थी कि उसे कम करने के लिए पुलिस ने अगरबत्ती और इत्र का इस्तेमाल किया. इसके बाद जाकर पुलिस ने फ्लैट के अंदर पांचों शव बरामद किए, जो काफी दिनों से सड़े हुए थे.
पुलिस की जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम
स्थानीय पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभी तक दुष्कर्म जैसी कोई सूचना नहीं मिली है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया है और सभी साक्ष्यों को इकट्ठा किया जा रहा है. शवों की हालत देखकर ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि आत्महत्या कई दिन पहले हुई थी.
ये भी पढ़ें: एक फीट जमीन के लिए युवक को उतारा मौत के घाट; मां-बाप, भाई-बहन ने दिया खौफनाक वारदात को अंजाम