Smart Winter Hacks: सर्दी का मौसम आते ही हम सबकी सबसे बड़ी चिंता यही होती है कि कैसे खुद को गर्म रखा जाए. खासकर जब हीटर का इस्तेमाल लगातार बिजली के बिल को बढ़ा देता है और सेहत पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है. ऐसे में, कुछ स्मार्ट हैक्स अपनाकर आप बिना हीटर के भी खुद को अंदर से गर्म और आरामदायक रख सकते हैं. ये छोटे-छोटे उपाय न केवल आपको सर्दी से बचाते हैं, बल्कि आपकी सेहत को भी बेहतर बनाते हैं. आइए जानते हैं कुछ ऐसे तरीके, जिनसे आप इस सर्दी के मौसम को आरामदायक बना सकते हैं.
स्वस्थ सुबह की शुरुआत
सर्दी में खुद को गर्म रखने के लिए सबसे पहला कदम है एक हेल्दी और स्वादिष्ट चाय का चुनाव. कश्मीर में बनने वाली कहवा चाय ना केवल स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि इसके सारे इंग्रेडिएंट्स शरीर को अंदर से गर्म रखने में मदद करते हैं. इसमें केसर, दालचीनी, इलायची, लौंग और बादाम जैसे इंग्रेडिएंट्स होते हैं जो इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं और शरीर के तापमान को बनाए रखते हैं. इस चाय के साथ आपका दिन सही तरीके से शुरू होता है.
शरीर को दें गर्माहट
सर्दियों में आपके आहार का बहुत महत्व होता है. ऐसे फूड्स का सेवन करें जो शरीर को अंदर से गर्म रखने में मदद करें. जैसे गर्म सूप, स्टू, नट्स-सीड्स, देसी घी, अदरक, लहसुन, शहद, बाजरा और रागी. ये सभी ऐसे फूड्स हैं जो शरीर को न केवल गर्म रखते हैं, बल्कि आपकी सेहत को भी बेहतर बनाए रखते हैं. इसके अलावा, ठंडी चीजों से बचना जरूरी है, क्योंकि वे शरीर में ठंडक पैदा कर सकती हैं.
घर को कोज़ी बनाएं
अपने घर को भी सर्दी के हिसाब से आरामदायक और गर्म बनाए रखना बहुत जरूरी है. इसके लिए आप घर में कुछ छोटे-छोटे बदलाव कर सकते हैं. फर्श पर मोटी कालीन बिछाएं, दीवारों से फर्नीचर को थोड़ा दूर रखें ताकि ठंडक न लगे. खिड़कियों और दरवाजों के नीचे ड्रॉफ्ट स्टॉपर लगवाएं, ताकि ठंडी हवा अंदर न आ सके. कमरे में हल्की गर्म रोशनी से माहौल को और भी आरामदायक बनाएं. इस तरह, आपके घर में न केवल गर्माहट बनी रहती है, बल्कि आरामदायक वातावरण भी तैयार होता है.
हॉट वाटर थेरेपी
गर्म पानी से स्नान या रात को सोने से पहले गर्म पानी में पैर डुबोना, ये दोनों ही सर्दियों में एक बेहतरीन तरीका है खुद को गर्म रखने का. इससे न केवल शरीर के तापमान में वृद्धि होती है, बल्कि आपकी त्वचा भी स्वस्थ रहती है. पैरों का रक्त संचार बेहतर होता है, जिससे मसल्स की जकड़न भी कम होती है और नींद में भी सुधार होता है.
हल्के मूवमेंट से रखें खुद को एक्टिव
सर्दियों में एक जगह पर बैठकर समय बिताना आम हो जाता है, लेकिन हल्के मूवमेंट और एक्सरसाइज से आप शरीर को अंदर से गर्म रख सकते हैं. स्ट्रेचिंग और डांस जैसे छोटे-छोटे मूवमेंट शरीर को हीटर की तरह गर्म रखते हैं. इनसे रक्त संचार बेहतर होता है और मसल्स की जकड़न दूर होती है. रोजाना थोड़ा समय निकालकर इन एक्सरसाइजेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं.
ये भी पढ़ें: सारा तेंदुलकर की इस स्पेशल कॉफी के फायदे जान हो जाएंगे हैरान, जानें इसे बनाने का आसान तरीका