'कोहली होते तो स्मिथ का बाप भी सिंगल लेता...' बाबर की बेइज्जती से बौखलाया पाकिस्तानी एक्सपर्ट, VIDEO

बिग बैश लीग (BBL) में सिडनी सिक्सर्स की ओर से खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने सिडनी थंडर के खिलाफ एक यादगार पारी खेली.

Smith insulted Babar Azam in BBL Pakistanis were stunned
Image Source: Social Media

बिग बैश लीग (BBL) में सिडनी सिक्सर्स की ओर से खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने सिडनी थंडर के खिलाफ एक यादगार पारी खेली. इस मुकाबले में स्मिथ ने महज 42 गेंदों में तूफानी शतक जड़ा और अपनी टीम को पांच विकेट से शानदार जीत दिलाई. हालांकि स्मिथ की इस ऐतिहासिक पारी से ज्यादा चर्चा एक ऐसे पल की हुई, जिसने क्रिकेट फैंस और एक्सपर्ट्स के बीच बहस छेड़ दी.

यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब स्मिथ ने अपने नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े बाबर आजम को एक आसान सिंगल लेने से मना कर दिया. इसके बाद जो हुआ, उसने मैच का रुख ही बदल दिया.

सिंगल से इनकार और फिर रिकॉर्डतोड़ ओवर

मैच में सिडनी सिक्सर्स 190 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी. पारी के 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर बाबर आजम ने गेंद को लॉन्ग-ऑन की दिशा में खेला और रन लेने के लिए दौड़ पड़े, लेकिन स्टीव स्मिथ ने तुरंत हाथ उठाकर उन्हें रोक दिया.

मैच के बाद स्मिथ ने इस फैसले पर सफाई देते हुए बताया कि वह उस समय ‘पावर सर्ज’ का इंतजार कर रहे थे. पावर सर्ज वह चरण होता है जिसमें फील्डिंग टीम के केवल दो खिलाड़ी ही 30-यार्ड सर्कल के बाहर रह सकते हैं. स्मिथ इस मौके का पूरा फायदा उठाना चाहते थे.

जैसे ही अगला ओवर शुरू हुआ और पावर सर्ज लागू हुआ, स्मिथ ने गेंदबाज रायन हैडली पर हमला बोल दिया. उन्होंने उस ओवर में लगातार चार छक्के और एक चौका जड़ दिया. इस ओवर से कुल 32 रन बने, जो बीबीएल इतिहास में किसी एक ओवर में बने सबसे ज्यादा रन हैं.

इस विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर सिडनी सिक्सर्स ने 16 गेंद शेष रहते मुकाबला जीत लिया.

बाबर आजम की आउट होने की घटना

हालांकि इस मैच में बाबर आजम के लिए सब कुछ निराशाजनक रहा. अगले ही ओवर की पहली गेंद पर, बाबर ने नाथन मैकएंड्रयू की गेंद को खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे उनकी ही गिल्लियों से जा टकराई और वह हिट विकेट होकर आउट हो गए.

आउट होने के बाद बाबर आजम काफी निराश नजर आए. गुस्से में उन्होंने अपना बल्ला बाउंड्री की ओर फेंक दिया, जो कैमरों में भी कैद हो गया. यह दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.

पाकिस्तानी एक्सपर्ट का विवादित बयान

स्टीव स्मिथ द्वारा बाबर को सिंगल न देने की घटना पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली भड़क उठे. एक क्रिकेट शो में चर्चा के दौरान उन्होंने इस पूरे मामले पर बेहद विवादित और तीखी टिप्पणी कर दी.

बासित अली ने कहा, “अगर आज बाबर आजम की जगह विराट कोहली होते, तो स्मिथ का बाप भी सिंगल लेता.”

उनका यह बयान सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया और क्रिकेट जगत में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं.

बाबर को लेकर बासित अली की टिप्पणियां

बासित अली ने आगे कहा कि बाबर आजम अपने प्रदर्शन से खुद की वैल्यू गिरा रहे हैं और इसमें पाकिस्तान क्रिकेट का नाम खराब नहीं हो रहा. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बाबर आजम को बिग बैश लीग में खेलने के लिए सिडनी सिक्सर्स ने खुद आमंत्रित किया है, न कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें वहां भेजा है.

उनके अनुसार, बाबर का मौजूदा प्रदर्शन उनकी प्रतिष्ठा के अनुरूप नहीं है, जिसकी वजह से इस तरह की घटनाएं चर्चा में आ रही हैं.

ये भी पढ़ें- ठंडे पड़ गए ट्रंप के तेवर! ईरान को धमकी देने की जगह करने लगे शुक्रिया, क्या अब नहीं होगी जंग?