क्रिकेटर स्मृति मंधाना और म्यूज़िशियन-फिल्ममेकर पलाश मुच्छल की शादी को लेकर फैन्स के बीच काफी उत्सुकता थी. 23 नवंबर को सांगली में होने वाली यह हाई-प्रोफाइल वेडिंग आखिरी वक्त पर रुक गई—और इसके कारणों को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें शुरू हो गईं. लेकिन अब पलाश की मां अमिता मुच्छल ने चुप्पी तोड़ते हुए साफ कर दिया है कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जिसने इस रिश्ते के सबसे खास दिन को आगे बढ़ा दिया.
एक इंटरव्यू में अमिता मुच्छल ने बताया कि शादी टलने की वजह सिर्फ एक मानवीय संवेदना थी. उन्होंने कहा कि स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद पलाश ने तुरंत निर्णय लिया कि जब तक “अंकल” पूरी तरह ठीक नहीं हो जाते फेरे नहीं लिए जाएंगे. अमिता ने भावुक होकर कहा पलाश का अंकल से बहुत गहरा रिश्ता है… स्मृति से भी ज़्यादा वो दोनों करीब हैं. इसलिए जब उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा तो पलाश ने खुद कहा कि अभी शादी नहीं करनी है. यह बयान साफ करता है कि शादी टालना किसी मजबूरी में लिया गया निर्णय नहीं बल्कि परिवार और रिश्तों की संवेदनशीलता को प्राथमिकता देने का कदम था.
पलाश की तबीयत क्यों बिगड़ी?
स्मृति के पिता की हालत का असर पलाश पर भी गहराई से हुआ. अमिता ने बताया कि हल्दी रस्म के बाद उन्हें लगातार घर के अंदर ही रखा गया था ताकि माहौल सामान्य बना रहे, लेकिन भावनाओं का दबाव इतना बढ़ा कि उनकी तबीयत लड़खड़ाने लगी. उन्होंने बताया वो लगातार रो रहे थे… स्ट्रेस इतना बढ़ गया कि उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा. चार घंटे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया. IV ड्रिप चढ़ाई गई, ECG और कई टेस्ट हुए. सभी रिपोर्ट नॉर्मल आईं, लेकिन मेंटल स्ट्रेस बहुत ज्यादा था. यह साफ है कि पलाश इस पूरे हालात से भावनात्मक रूप से टूट गए थे.
संगीत की रात क्या हुआ था?
अमिता ने बताया कि शादी से एक रात पहले हुए संगीत समारोह में माहौल बेहद खुशगवार था. सबसे ज्यादा उत्साहित थे—स्मृति के पिता. उन्होंने पूरी रात डांस किया… इंस्टाग्राम पर वीडियो डाले… वो बेहद खुश थे. लेकिन अगले ही दिन उनकी हालत बिगड़ गई. परिवार बारात के प्लान में लगा हुआ था कि तभी उन्हें सीने में तकलीफ महसूस हुई. शुरुआती झिझक के बाद जब दर्द बढ़ा, तो एंबुलेंस बुलाकर तुरंत अस्पताल ले जाया गया. इसी घटना ने शादी को रोकने का निर्णायक मोड़ दिया.
स्मृति की प्रतिक्रिया: सोशल मीडिया पर बदला माहौल
शादी टलने के बाद स्मृति मंधाना और उनकी गर्ल गैंग ने अपने सोशल मीडिया से वेडिंग फंक्शन्स की सभी तस्वीरें हटा दीं. इससे फैन्स के बीच चिंता और बढ़ गई, लेकिन अब स्थिति साफ है कि शादी सिर्फ पोस्टपोन हुई है रद्द नहीं. फिलहाल परिवार की प्राथमिकता स्मृति के पिता का स्वास्थ्य और पलाश की रिकवरी है. दोनों परिवारों ने साफ कहा है कि शादी तब ही होगी जब सभी लोग पूरी तरह स्वस्थ और खुशहाल माहौल में शामिल हो सकें.
यह भी पढ़ें: अब कैसी है स्मृति मंधाना के पिता की तबियत? अस्पताल से मिला डिस्चार्ज