आखिर क्या हुआ ऐसा? स्मृति मंधाना ने हटाए सभी वेडिंग पोस्ट, सोशल मीडिया पर लोगों ने किए सवाल

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की धाकड़ बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना इस समय किसी मैच या रिकॉर्ड की वजह से नहीं, बल्कि अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं. सोशल मीडिया पर उन्होंने अचानक ऐसा कदम उठाया कि फैंस से लेकर क्रिकेट विश्लेषकों तक सभी हैरान रह गए.

Smriti Mandhana and Palaash Muchhal Deleted all wedding videos from social media
Image Source: Social Media

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की धाकड़ बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना इस समय किसी मैच या रिकॉर्ड की वजह से नहीं, बल्कि अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं. सोशल मीडिया पर उन्होंने अचानक ऐसा कदम उठाया कि फैंस से लेकर क्रिकेट विश्लेषकों तक सभी हैरान रह गए. शादी से जुड़े लगभग सभी फोटो और वीडियो डिलीट होते ही यह सवाल उठने लगा कि आखिर क्या हुआ है?


स्मृति की शादी 23 नवंबर को महाराष्ट्र के सांगली में उनके लंबे समय से साथी रहे पलाश मुच्छल से होने वाली थी. परिवार, रिश्तेदारों और टीम के करीबी खिलाड़ियों ने सभी कार्यक्रमों की तैयारी कर ली थी. संगीत और हल्दी जैसे रस्मों में जेमिमा रोड्रिग्ज और श्रेयंका पाटिल भी शामिल हुई थीं, जिससे माहौल पूरी तरह शादीमय हो चुका था. लेकिन इसी खुशियों के बीच अचानक एक अप्रत्याशित स्थिति खड़ी हो गई, जिसने पूरे परिवार को चिंतित कर दिया.

पिता की तबीयत बिगड़ते ही बदली पूरी योजना

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शादी से ठीक पहले स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत खराब हो गई. उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही है. परिवार का कहना है कि उनकी हालत अब स्थिर है, लेकिन किसी भी बड़े फैसले से पहले डॉक्टरों के निर्देश महत्वपूर्ण हैं. इसी दौरान पलाश मुच्छल की स्वास्थ्य समस्या ने भी परिवार को और चिंतित कर दिया, हालांकि उन्हें जांच के बाद छुट्टी मिल गई.

सोशल मीडिया पर हटे पोस्ट, बढ़ी अटकलें

लोगों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा का कारण बना स्मृति मंधाना द्वारा शादी से जुड़े सभी पोस्ट हटाना. उन्होंने न केवल शादी वाले फोटो हटाए, बल्कि अपना प्रपोजल वीडियो भी डिलीट कर दिया. इसके बाद जेमिमा और श्रेयंका द्वारा भी संबंधित पोस्ट हटाने पर अचानक से कयासों का तूफान फैल गया कि कहीं शादी रद्द तो नहीं हो गई? क्या जोड़े के बीच कोई बड़ा विवाद हुआ है?

परिवार ने साफ की तस्वीर, अफवाहों पर लगा ब्रेक

विवादों पर विराम लगाते हुए परिवार ने एक बयान जारी किया. इसमें बताया गया कि शादी रद्द नहीं हुई है, बल्कि अनिश्चितकाल के लिए टाल दी गई है, क्योंकि इस समय पूरा परिवार स्मृति के पिता की सेहत को प्राथमिकता देना चाहता है. रिश्ते में कोई समस्या नहीं है और न ही कोई बुरी खबर है. सोशल मीडिया पर मौजूद उनकी पुरानी तस्वीरें इस बात की गवाही देती हैं कि दोनों के बीच सबकुछ ठीक है और शादी सिर्फ सही समय का इंतजार कर रही है.

यह भी पढ़ें: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ढाका में दिखाया जलवा, चीन को हराकर वर्ल्ड कप खिताब पर किया कब्जा