भारतीय क्रिकेट की स्टाइल आइकन और स्टार बैटर स्मृति मंधाना इन दिनों मैदान से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. उनकी जिंदगी का सबसे खास पल अब बस कुछ कदम दूर है, क्योंकि 23 नवंबर को वह म्यूजिक डायरेक्टर और फिल्ममेकर पलाश मुच्छल के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रही हैं. शादी से पहले शुरू हुई रस्मों की खुशबू सोशल मीडिया पर फैल चुकी है, और फैंस हर नई तस्वीर पर दिल हार रहे हैं.
21 नवंबर को हुई हल्दी सेरेमनी ने इंटरनेट पर धूम मचा दी है. इस खुशियों से भरे आयोजन में स्मृति और पलाश दोनों पीले रंग की थीम में नजर आए. पलाश जहां पारंपरिक कुर्ता-पायजामा में दिखे, वहीं स्मृति ने खूबसूरत पीले शरारा सूट में सबका दिल जीत लिया. गोल्डन बूटियों से सजा उनका आउटफिट सेरेमनी की रौनक बढ़ा रहा था. हल्दी के रंगों और ढोल-नगाड़ों की आवाज़ों के बीच दोनों एक-दूसरे के साथ हंसते, खेलते और मस्ती करते दिखाई दिए. उनके परिवारवालों और करीबी दोस्तों ने भी इस खुशी को दिल खोलकर जीया.
साथी खिलाड़ियों का धमाकेदार अंदाज
स्मृति की हल्दी सेरेमनी को खास बनाने में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों ने कोई कसर नहीं छोड़ी. मैदान पर साथ खेलने वाली ये खिलाड़ी इस खास दिन पर ‘टीम दुल्हन’ बनकर पहुंचीं और स्मृति की खुशियों को दोगुना कर दिया. शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्ज, राधा यादव, रेणुका सिंह ठाकुर, श्रेयंका पाटिल, ऋचा घोष और अरुंधति रेड्डी ने मिलकर रंग-बिरंगी मस्ती का ऐसा माहौल बनाया कि हर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. सभी ने स्मृति के साथ होली की तरह हल्दी खेली और एक से बढ़कर एक डांस मूव्स दिखाए.
हल्दी में दिखी असली दोस्ती और जश्न का रंग
सेरेमनी की तस्वीरें यह साफ दिखा रही हैं कि स्मृति और पलाश के लिए यह दिन सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि उनके लोगों के बीच बिताया गया यादगार पल था. दोस्तों और परिवार की मौजूदगी ने इस दिन को बेहद भावुक और दिलकश बना दिया.
फिल्मी अंदाज में हुई थी प्रपोजल की शुरुआत
इस शादी की कहानी की शुरुआत भी किसी फिल्मी सीन से कम नहीं थी. कुछ दिन पहले स्मृति और पलाश ने अपना प्रपोजल वीडियो साझा किया था, जिसमें पलाश स्मृति को आंखों पर पट्टी बांधकर क्रिकेट ग्राउंड तक लाते हैं. इसके बाद वह घुटनों पर बैठकर उन्हें रिंग पहनाते हैं. स्मृति रेड आउटफिट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं और प्रपोजल का यह लम्हा उनके चेहरे पर खुशी साफ बयां कर रहा था. थोड़ी ही देर बाद स्मृति ने भी पलाश को अंगूठी पहनाकर इस प्यार को आधिकारिक बना दिया.
यह भी पढ़ें: अब थिएटर में 'भाबीजी घर पर हैं' का होगा, इस दिन फिल्म होगी रिलीज