मीटिंग में मच गया हड़कंप! अफसरों के बीच आ गया सांप, डंडे से मार डाला... फिर दूसरा भी पहुंच गया

पटना के सीएसचसी मीटिंग हॉल में स्वास्थ्य विभाग की बैठक के दौरान अचानक एक करैत सांप घुस गया, जिससे हॉल में अफरातफरी मच गई. मीटिंग में शामिल अधिकारी और आंगनबाड़ी कर्मी घबरा गए और कुर्सियों को छोड़कर भागने लगे.

Snake crashes Patna meeting staff kill one another shows up
Image Source: Internet

पटना: पटना के सीएसचसी मीटिंग हॉल में स्वास्थ्य विभाग की बैठक के दौरान अचानक एक करैत सांप घुस गया, जिससे हॉल में अफरातफरी मच गई. मीटिंग में शामिल अधिकारी और आंगनबाड़ी कर्मी घबरा गए और कुर्सियों को छोड़कर भागने लगे. अफसर महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा कर रहे थे, लेकिन अचानक हॉल में सांप के दिखने से बैठक का माहौल पूरी तरह बदल गया.

कर्मचारियों ने सांप को बाहर निकाला, फिर आया दूसरा

हिम्मत जुटाकर कर्मचारियों ने पहले सांप को मारकर हॉल से बाहर फेंक दिया, लेकिन राहत ज्यादा देर तक नहीं रही. कुछ ही मिनटों बाद दूसरा सांप हॉल में दिखाई दिया. इससे अधिकारी और कर्मचारी फिर से डर और घबराहट में आ गए. हॉल में मौजूद सभी लोग तुरंत बाहर निकल आए, और बैठक को स्थगित करना पड़ा.

सुरक्षा और सफाई पर उठे सवाल

बैठक में शामिल अधिकारियों ने नगर निगम और भवन प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब मीटिंग हॉल में सांप देखा गया. 11 अक्टूबर को भी ऐसा ही मामला सामने आया था, लेकिन उस वक्त कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी. अधिकारियों ने चिंता जताई कि राज्यस्तरीय योजनाएं बनाने वाले अधिकारियों के लिए हॉल में यह हालात अस्वीकार्य हैं.

भवन की सफाई और निरीक्षण की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, मीटिंग को बीच में ही स्थगित कर दिया गया और अधिकारियों ने भवन की सफाई और सुरक्षा पर गंभीर चिंता जताई. हॉल के आसपास कचरा और झाड़ियां होने के कारण सांप अंदर घुस रहे हैं. अब सीएचसी की ओर से आदेश जारी किए गए हैं कि पूरे भवन की सफाई, फॉगिंग और पेस्ट कंट्रोल कराया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके.

ये भी पढ़ें: बिहार में CM और देश में PM का पद खाली नहीं... लालू यादव और सोनिया गांधी का नाम लेकर अमित शाह ने दिया संदेश