दक्षिण अफ्रीका ने आगामी 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है. टीम का नेतृत्व अनुभवी बल्लेबाज एडन मार्करम करेंगे, जबकि कुछ अहम नाम इस बार स्क्वाड में शामिल नहीं किए गए हैं. खासतौर पर रायन रिकल्टन और ट्रिस्टन स्टब्स, जिन्हें इस बार टीम में जगह नहीं मिली है. वहीं, कगिसो रबाडा ने चोट के बाद टीम में वापसी की है और वह इस वर्ल्ड कप में अपनी टीम का हिस्सा होंगे.
स्क्वाड में नए चेहरे
2026 टी20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के कई खिलाड़ी पहली बार वर्ल्ड कप का अनुभव प्राप्त करेंगे. इनमें क्वेना मफाका, कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, जॉर्ज लिंडे और जेसन स्मिथ का नाम शामिल है. इन खिलाड़ियों के लिए यह टूर्नामेंट खास होगा, क्योंकि यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए एक बड़ा अवसर साबित हो सकता है.
जेसन स्मिथ का चयन है चौंकाने वाला
जेसन स्मिथ का नाम इस स्क्वाड में शामिल होना क्रिकेट जगत के लिए एक चौंकाने वाली बात है. इस खिलाड़ी के पास अभी तक केवल 5 अंतर्राष्ट्रीय मैचों का अनुभव है, लेकिन हाल ही में CSAT20 चैलेंज के प्लेऑफ मैच में उन्होंने केवल 19 गेंदों में 68 रन की तूफानी पारी खेलकर सभी को हैरान कर दिया था. इस प्रदर्शन ने उन्हें वर्ल्ड कप टीम में जगह दिलाई है.
वर्ल्ड कप 2026 में दक्षिण अफ्रीका का ग्रुप
2026 टी20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका को ग्रुप D में रखा गया है, जिसमें अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड, कनाडा और यूएई शामिल हैं. दक्षिण अफ्रीका का पहला मैच 9 फरवरी को कनाडा के खिलाफ होगा. इस वर्ल्ड कप का आयोजन 7 फरवरी से शुरू होगा, और इसका फाइनल 8 मार्च 2026 को खेला जाएगा. यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा.
टी20 वर्ल्ड कप के लिए दक्षिण अफ्रीका का स्क्वाड: एडन मार्करम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डिकॉक, टोनी डी जोरजी, डोनोवन फरेरा, मार्को यानसेन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्टजे, कगिसो रबाडा, जेसन स्मिथ
ये भी पढ़ें: राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में ख्वाहिश शर्मा ने जीता 50 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक, अब करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व