सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीकी कप्तान का धमाका! 169 रनों की पारी से मचाया तहलका, तोड़ डाले कई रिकॉर्ड

महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोलवार्ड ने अपनी बल्लेबाजी से ऐसा तूफान मचाया कि पूरा एसीए स्टेडियम उनके नाम गूंज उठा. इंग्लैंड के खिलाफ इस अहम मुकाबले में वोलवार्ड ने 169 रनों की शानदार और यादगार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.

South Africa s Laura Wolvaardt Scores 169 Against England in World Cup 2025 Semi Final
Image Source: Social Media

ICC Women's World Cup 2025 Semi Final: महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोलवार्ड ने अपनी बल्लेबाजी से ऐसा तूफान मचाया कि पूरा एसीए स्टेडियम उनके नाम गूंज उठा. इंग्लैंड के खिलाफ इस अहम मुकाबले में वोलवार्ड ने 169 रनों की शानदार और यादगार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन वोलवार्ड की क्लासिक बल्लेबाजी के आगे उनकी रणनीति फीकी पड़ गई.

कप्तान की ऐतिहासिक पारी

वोलवार्ड ने ताज़मिन ब्रित्स के साथ पहले विकेट के लिए 116 रनों की ठोस साझेदारी की. ब्रित्स के आउट होने के बाद भी कप्तान ने अपने रनों की बरसात जारी रखी. वह 48वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुईं, लेकिन तब तक मैच का रुख पूरी तरह बदल चुका था. इस पारी में उन्होंने 143 गेंदों पर 169 रन ठोके, जिसमें 20 चौके और 4 छक्के शामिल थे. यानी उन्होंने सिर्फ बॉउंड्रीज़ से ही 104 रन बना डाले. यह उनके वनडे करियर का 10वां शतक और वर्ल्ड कप में पहला शतक था, एक ऐसा प्रदर्शन जिसे फैंस लंबे वक्त तक याद रखेंगे.

मिताली राज के रिकॉर्ड की बराबरी

वोलवार्ड ने जब अपना अर्धशतक पूरा किया, तभी उन्होंने भारतीय दिग्गज मिताली राज के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. वोलवार्ड ने वनडे वर्ल्ड कप में 13वीं बार 50 रन की पारी खेली, जबकि मिताली राज ने भी अपने करियर में इतने ही बार ऐसा किया था. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने खुद को महिला क्रिकेट के महान खिलाड़ियों की श्रेणी में मजबूती से खड़ा कर दिया.

ऐसा करने वाली पहली साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी

इस ऐतिहासिक पारी के दौरान लौरा वोलवार्ड ने एक और बड़ा माइलस्टोन छुआ. वह वनडे में 5000 रन पूरे करने वाली दक्षिण अफ्रीका की पहली महिला बल्लेबाज बन गईं. यह उपलब्धि उनके निरंतर प्रदर्शन और शानदार तकनीक का सबूत है.

इंग्लैंड के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका की मजबूत पकड़

वोलवार्ड की बल्लेबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 319 रनों का विशाल लक्ष्य रखा. वहीं, क्लो ट्राईऑन (33) और मरिज़नने कप्प (42) ने भी अहम योगदान दिया. कप्प ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया. उन्होंने सेमीफाइनल के पहले ही ओवर में दो विकेट लेकर इंग्लैंड की कमर तोड़ दी. विकेटकीपर एमी जोन्स और कप्तान हीथर नाइट खाता खोले बिना पवेलियन लौट गईं. सिर्फ 1 रन पर इंग्लैंड के टॉप तीन बल्लेबाज आउट हो गए, जिससे मैच एकतरफा होता नजर आने लगा.

ये भी पढ़ें: IND vs AUS: बारिश की भेंट चढ़ा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला टी20 मैच, लेकिन टीम इंडिया को हुए 2 फायदे