तय समय से पहले ऑफिस पहुंची लड़की, बॉस ने नौकरी से निकाला; कोर्ट ने भी कंपनी को बताया सही

Spain Women Job Lost: दफ्तरों की दुनिया में देर से आने पर फटकार लगना या नौकरी पर खतरा मंडराना आम बात है. लेकिन स्पेन में हुआ एक ताज़ा मामला इस सोच को बिल्कुल उलट देता है. यहाँ एक 22 साल की युवती को इसलिए नौकरी से निकाल दिया गया क्योंकि वह रोज़ाना अपनी शिफ्ट शुरू होने से पहले ऑफिस पहुंच जाती थी.

spain work culture Girl reached office before scheduled time boss fired her
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Spain Women Job Lost: दफ्तरों की दुनिया में देर से आने पर फटकार लगना या नौकरी पर खतरा मंडराना आम बात है. लेकिन स्पेन में हुआ एक ताज़ा मामला इस सोच को बिल्कुल उलट देता है. यहाँ एक 22 साल की युवती को इसलिए नौकरी से निकाल दिया गया क्योंकि वह रोज़ाना अपनी शिफ्ट शुरू होने से पहले ऑफिस पहुंच जाती थी. यह सुनने में किसी मज़ाक जैसा लगता है, पर यह घटना पूरी तरह सच है और सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन चुकी है.

युवती की सुबह की शिफ्ट 7:30 बजे शुरू होती थी, लेकिन वह रोज़ाना 6:45 या 7:00 बजे के बीच ऑफिस पहुंच जाती थी. एक आम सोच यह कहेगी कि कर्मचारी का समय से पहले आना तो कंपनी के लिए अच्छा ही होता है. मगर यहाँ कहानी उलटी थी. कंपनी ने उसे साफ निर्देश दिए थे कि वह अपनी शिफ्ट के समय पर ही क्लॉक-इन कर सकती है. उससे पहले ऑफिस में आना न केवल अनावश्यक था, बल्कि टीम के कामकाज की व्यवस्था में गड़बड़ी भी पैदा करता था.

कई बार दी गई गई चेतावनी 

कई बार चेतावनी मिलने के बावजूद युवती ने अपनी आदत नहीं छोड़ी. उसके वरिष्ठ अधिकारी बार-बार समझाते रहे कि ऑफिस में एक तय सिस्टम होता है, जिसके अनुसार हर कर्मचारी को एक निश्चित समय पर ही काम शुरू करना होता है. लेकिन वह हर बार निर्देशों को अनदेखा करती रही, जिससे अंततः कंपनी को सख्त कदम उठाने पड़े.

कंपनी की नाराज़गी सिर्फ जल्दी आने से नहीं थी

युवती ने नौकरी जाने के बाद अदालत में कहा कि कंपनी ने सिर्फ इसलिए उसे निकाल दिया क्योंकि वह समय से पहले ऑफिस पहुंचती थी, जो कि कोई गलती नहीं है. लेकिन कंपनी का पक्ष इससे काफी अलग था. उनका कहना था कि असल समस्या उसका समय से पहले आना नहीं, बल्कि उसके निर्देशों का पालन न करना था.

कंपनी ने अदालत में बताया कि उन्होंने कई मौखिक और लिखित चेतावनियाँ दीं. यहां तक कि अंतिम चेतावनी के बाद भी युवती लगातार 19 दिनों तक जल्दी पहुंचती रही. इसके अलावा वह कई बार बिना ऑफिस आए ही ऐप में लॉग-इन करने की कोशिश करती थी, जो कंपनी की तकनीकी व्यवस्था को बिगाड़ देता था.

एक सहकर्मी ने बताया कि युवती जल्दी पहुंचकर भी किसी मदद का हिस्सा नहीं बनती थी, बल्कि टीम के तय शेड्यूल में अनावश्यक हस्तक्षेप कर देती थी. कंपनी का कहना था कि ऑफिस का पूरा काम एक रूटीन पर चलता है, जिसे बिगाड़ना टीम की प्रोडक्टिविटी को सीधे प्रभावित करता है.

अदालत ने माना, कर्मचारी ने नियमों का गंभीर उल्लंघन किया

मामला अदालत पहुँचा, जहाँ दोनों पक्षों की बातें सुनी गईं. अंततः कोर्ट ने कंपनी के पक्ष में फैसला सुनाया. अदालत ने माना कि युवती ने स्पेनिश वर्कर्स लॉ के आर्टिकल 54 का उल्लंघन किया है, जो कर्मचारी द्वारा आदेशों और निर्देशों का बार-बार पालन न करने को गंभीर गलती मानता है.

कोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि कंपनी ने नौकरी से निकालने का जो फैसला लिया वह उचित था, इसलिए युवती को किसी तरह की राहत नहीं दी जा सकती. यह निर्णय कई लोगों के लिए चौंकाने वाला था, क्योंकि आमतौर पर जल्दी पहुंचना एक सकारात्मक आदत माना जाता है. लेकिन इस मामले में परिस्थितियाँ बिल्कुल उलट रहीं.

कर्मचारी अभी भी संतुष्ट नहीं, अब होगी अगली कानूनी लड़ाई

अदालत का फैसला आने के बाद भी युवती ने हार नहीं मानी है. वह मानती है कि उसे गलत तरीके से दोषी ठहराया गया है और कंपनी ने उसके इरादों को गलत समझा है. उसके अनुसार, समय से पहले ऑफिस पहुंचना कोई ऐसा कारण नहीं था जिसे आधार बनाकर किसी को नौकरी से निकाला जाए.

अब वह इस फैसले के खिलाफ वैलेंसिया की सुप्रीम कोर्ट में अपील दाखिल करने की तैयारी कर रही है. उसका कहना है कि वह अपनी छवि और अधिकारों की रक्षा के लिए आखिर तक लड़ाई लड़ने को तैयार है.

इस मामले से क्या समझ आता है?

यह पूरा मामला इस बात की ओर इशारा करता है कि हर ऑफिस का अपना सिस्टम होता है, जहाँ अनुशासन सिर्फ देर से आने पर ही नहीं, बल्कि समय से पहले आने पर भी लागू हो सकता है. निर्देशों का पालन हर प्रोफेशन का आधार है, और उनका उल्लंघन चाहे किसी भी रूप में हो, उसके नतीजे गंभीर हो सकते हैं.

कर्मचारी का अच्छा इरादा भी कभी-कभी तब गलत समझ लिया जाता है, जब वह टीम के ढांचे से मेल न खाए. इस घटना ने यह भी दिखाया कि समय की पाबंदी हमेशा अच्छाई ही नहीं, कभी-कभी विवाद की वजह भी बन सकती है.

यह भी पढे़ं- गाड़ियों से लेकर दवाओं तक... मेक्सिको के 50% टैरिफ से किन सेक्टर्स को होगा नुकसान, क्या होगा इसका असर?