त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही भारतीय रेलवे ने बिहारवासियों को एक बड़ी सौगात दी है. आगामी दिवाली और छठ पर्व के मद्देनज़र रेलवे ने न सिर्फ अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन करने की योजना बनाई है, बल्कि राज्य को सात नई ट्रेनों की सौगात भी दी गई है. इनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें और चार नई पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं, जो अब विभिन्न राज्यों को बिहार से जोड़ेंगी.
29 सितंबर को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी उपस्थित थे. रेल मंत्री ने बताया कि आने वाले त्योहारों को देखते हुए भारतीय रेलवे ने विशेष तैयारियां की हैं. उन्होंने कहा कि इस साल दिवाली और छठ के अवसर पर रेलवे 12,000 से अधिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा, ताकि यात्रियों को यात्रा में कोई कठिनाई न हो और भीड़ भी नियंत्रित रहे.
#WATCH | Delhi: Union Railways Minister Ashwini Vaishnaw flags off 3 new Amrit Bharat Express trains- Darbhanga – Ajmer (Madar Railway Station), Muzaffarpur – Hyderabad (Charlapalli railway station), Chhapra–Delhi (Anand Vihar Terminal) pic.twitter.com/kwGPRzF10o
— ANI (@ANI) September 29, 2025
इन रूट्स पर चलेंगी तीन अमृत भारत ट्रेनें
रेलवे द्वारा जो तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू की गई हैं, वे बिहार को देश के प्रमुख राज्यों से जोड़ेंगी:
इन ट्रेनों की खासियत यह है कि इनमें आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ कम किराए में यात्रा करने की सुविधा मिलेगी. प्रत्येक ट्रेन में कुल 19 डिब्बे होंगे, जिनमें से 11 सेकंड क्लास और 8 स्लीपर कोच होंगे. यह आम जनता के लिए सस्ती और आरामदायक यात्रा का एक नया विकल्प साबित होगा.
देश में बढ़ेगा अमृत भारत ट्रेनों का नेटवर्क
इन तीन नई ट्रेनों के शुरू होने के साथ ही देशभर में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या अब 12 से बढ़कर 15 हो गई है. इस योजना के तहत सरकार का लक्ष्य है कि सामान्य यात्रियों को बेहतर और किफायती रेल यात्रा का अनुभव मिल सके.
बिहार को मिलेंगी चार नई पैसेंजर ट्रेनें भी
अमृत भारत ट्रेनों के अलावा बिहार को चार नई पैसेंजर ट्रेनों की सौगात भी दी गई है. इन पैसेंजर ट्रेनों का संचालन राज्य के अलग-अलग इलाकों को जोड़ने के लिए किया जा रहा है ताकि लोकल यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके. इन ट्रेनों का उद्घाटन भी आज ही हुआ, और ये नियमित रूप से चलेंगी.
रेलवे बोर्ड के सूचना एवं जनसंपर्क निदेशक (कार्यकारी) दिलीप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया, "नवरात्रि और आने वाले पर्वों को देखते हुए रेलवे ने बिहार को सात नई ट्रेनों की सौगात दी है. इससे राज्य की रेल सेवाओं में और मजबूती आएगी और यात्रियों को सुविधा मिलेगी."
उन्होंने आगे कहा कि यह पहल बिहार की जनता के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगी, क्योंकि पर्व के दौरान राज्य से बाहर रहने वाले लाखों लोग अपने घर लौटते हैं. ऐसे में ट्रेनों की यह बढ़ी हुई संख्या राज्य की यात्रा व्यवस्था को सुचारू बनाएगी.
बिहार के रेल विकास की तारीफ
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बिहार के पूर्व रेल मंत्री और वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार रेल मंत्री थे, तब उन्होंने रेलवे के ढांचे को सशक्त करने का कार्य किया था. आज उसी बुनियाद पर हम नई योजनाएं लागू कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- PoK में सड़कों पर उतरे हजारों लोग, फुटा 70 सालों का गुस्सा, पाकिस्तान के खिलाफ शुरू हुआ विद्रोह!