दिल्ली में सिंधिया से मिलीं स्टारलिंक की वाइस प्रेसिडेंट, अमेरिका से एलन मस्क का आ गया बड़ा बयान

Starlink India: भारत में हाई-स्पीड सैटेलाइट इंटरनेट की कवरेज अब पहले से कहीं ज्यादा करीब है. एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक लगातार भारत में अपने पैर जमाने की कोशिश में जुटी है, और अब इस दिशा में एक बड़ा कदम और उठ चुका है.

Starlink Vice President met Scindia in Delhi Elon Musk's big statement from America
Image Source: Social Media

Starlink India: भारत में हाई-स्पीड सैटेलाइट इंटरनेट की कवरेज अब पहले से कहीं ज्यादा करीब है. एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक लगातार भारत में अपने पैर जमाने की कोशिश में जुटी है, और अब इस दिशा में एक बड़ा कदम और उठ चुका है. स्टारलिंक की वाइस प्रेसिडेंट, बिज़नेस ऑपरेशंस लॉरेन ड्रेयर ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की, जहां भारत में तेजी से कनेक्टिविटी बढ़ाने पर गहरी चर्चा हुई.

इस मुलाकात के बाद सिंधिया के पोस्ट पर खुद एलन मस्क ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “स्टारलिंक के साथ भारत की सेवा करने के लिए उत्सुक हूं.” मस्क की ये लाइन अपने आप में बता रही है कि भारत उनके लिए कितना बड़ा और संभावनाओं वाला बाजार है.

स्टारलिंक और सिंधिया की मुलाकात, क्या हुई बातचीत?

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि स्टारलिंक की टीम के साथ उनकी मीटिंग बेहद प्रोडक्टिव रही. इसमें सैटेलाइट-बेस्ड लास्ट माइल कनेक्टिविटी, डिजिटल इंडिया के विजन और ग्रामीण इलाकों तक इंटरनेट पहुंचाने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की गई.

सिंधिया ने खास तौर पर कहा कि सैटेलाइट इंटरनेट आने वाले समय में देश के सबसे दुर्गम क्षेत्रों में भी कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा, जिससे हर नागरिक डिजिटल ecosystem से जुड़ सकेगा. यह डिजिटल समावेशन को मजबूत करेगा और व्यापक विकास को गति देगा.

भारत में स्टारलिंक को लेकर बढ़ी उत्सुकता

स्टारलिंक की एंट्री को लेकर भारत में लंबे समय से उत्सुकता बनी हुई है. लाखों लोग इस सर्विस की लॉन्चिंग का इंतज़ार कर रहे हैं, क्योंकि इससे पहाड़ी राज्यों, जंगल क्षेत्रों और दूरदराज गांवों तक भी हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंच सकता है जहाँ आज तक फाइबर इंटरनेट पहुंचना मुश्किल है. कुछ दिनों पहले भारत में स्टारलिंक के संभावित रेजिडेंशियल प्लान्स की कीमतें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं. 

दावा किया गया कि ₹8600 प्रति माह का प्लान, ₹34,000 की वन-टाइम डिवाइस कॉस्ट और अनलिमिटेड डेटा मिलेगा. साथ ही  साथ में 30 दिन का फ्री ट्रायल भी मिलेगा.  लेकिन इसके तुरंत बाद स्टारलिंक की टीम ने स्पष्ट कर दिया कि ये डेटा टेक्निकल गलती के कारण वेबसाइट पर दिखाई दिया था. मतलब ये कि भारत में स्टारलिंक की कीमतों पर अभी भी पूरी तरह सस्पेंस बना हुआ है.

कीमतें अभी तय नहीं, लेकिन उम्मीदें बड़ी

कंपनी ने साफ कर दिया है कि भारतीय वेबसाइट अभी लाइव नहीं है और जो भी कीमतें सामने आईं, वे सिर्फ टेस्ट डेटा थीं. इसलिए वास्तविक प्लान्स, प्राइसिंग और लॉन्च टाइमलाइन का इंतजार करना होगा. हालांकि इतना तय है कि स्टारलिंक की एंट्री भारत के डिजिटल परिदृश्य को बदलने वाली है. खासतौर पर उन इलाकों के लिए जहां नेटवर्क आज भी एक चुनौती है.

भारत के लिए स्टारलिंक क्यों है गेम-चेंजर?

  • पहाड़ी, जंगल और रिमोट इलाकों तक इंटरनेट पहुंचाना आसान
  • मौजूदा टेलीकॉम नेटवर्क की सीमाओं को तोड़ना
  • डिजिटल इंडिया मिशन को नई ताकत
  • स्कूल, अस्पताल और सरकारी सेवाओं को बेहतर कनेक्टिविटी
  • भारत में डिजिटल गैप को कम करने में यह तकनीक बेहद महत्वपूर्ण होगी.

यह भी पढे़ं- कौन हैं IndiGo के CEO पीटर एल्बर्स, कितनी मिलती है सैलरी? नेटवर्थ जान उड़ जाएंगे होश