शेयर बाजार में लगातार गिरावट के बाद आज जबरदस्त उछाल, सेंसेक्स 1000 अंक बढ़ा, क्या है इस बढ़त की वजह?

शेयर बाजार में हालिया गिरावट के बाद आज शानदार तेजी देखने को मिली.

Stock market today Bse Sensex And Nse Nifty Share Market Update
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Share Market: शेयर बाजार में हालिया गिरावट के बाद आज शानदार तेजी देखने को मिली. हफ्ते की शुरुआत मजबूती के साथ हुई, जहां बीएसई सेंसेक्स करीब 1065 अंकों की उछाल के साथ 73,761 पर खुला, जबकि निफ्टी 50 336 अंकों की तेजी के साथ 22,849 के स्तर पर पहुंच गया.

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के चलते पिछले दिनों बाजार में भारी गिरावट देखी गई थी, लेकिन आज निवेशकों का भरोसा लौटता नजर आया और कई सेक्टरों में जोरदार खरीदारी हुई.

कई सेक्टरों में दिखी मजबूती

आज बाजार की तेजी व्यापक रही. ऑटो, मेटल और डिफेंस सेक्टर में 2 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई. इसके अलावा कैपिटल गुड्स और पीएसयू बैंक शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली.

हालांकि कुछ शेयरों में हल्की गिरावट भी रही, लेकिन कुल मिलाकर बाजार का रुख सकारात्मक बना रहा.

इन शेयरों ने बाजार को संभाला

निफ्टी के बढ़ने में एशियन पेंट्स, श्रीराम फाइनेंस, टाइटन, जियो फाइनेंशियल, एलएंडटी और इंटरग्लोब एविएशन जैसे शेयरों की बड़ी भूमिका रही. इन कंपनियों के शेयरों में तेजी ने पूरे बाजार को ऊपर खींचा.

तेजी की बड़ी वजह क्या रही?

आज बाजार में आई तेजी के पीछे सबसे बड़ा कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राहत की खबर मानी जा रही है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बयान दिया कि पावर प्लांट पर संभावित हमले की योजना को 5 दिनों के लिए टाल दिया गया है.

इस बयान के बाद कच्चे तेल की कीमतों में करीब 10 प्रतिशत की गिरावट आई, जिससे वैश्विक बाजारों में सकारात्मक माहौल बना. अमेरिका का प्रमुख सूचकांक भी 600 अंकों से ज्यादा चढ़ा, जिससे भारतीय बाजार को सहारा मिला.

बैंकिंग शेयरों का अहम योगदान

आज की तेजी में बैंकिंग सेक्टर ने सबसे बड़ी भूमिका निभाई. एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और भारतीय स्टेट बैंक जैसे बड़े शेयरों में खरीदारी देखने को मिली, जिससे बाजार को मजबूती मिली.

इसके साथ ही ऑटो, टेलीकॉम और कैपिटल गुड्स सेक्टर में भी अच्छी खरीदारी ने तेजी को और मजबूत किया.

गिफ्ट निफ्टी और एशियाई बाजारों का असर

गिफ्ट निफ्टी ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि बाजार तेजी के साथ खुल सकता है. शुरुआती कारोबार में इसमें करीब 520 अंकों की उछाल देखी गई थी.

इसके अलावा एशियाई बाजारों में भी मजबूती का रुख रहा, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा और खरीदारी को बढ़ावा मिला.

रुपये और बाजार में डर कम हुआ

मंगलवार को रुपये में भी हल्की मजबूती देखने को मिली. डॉलर के मुकाबले रुपया 93.64 पर खुला, जो पिछले सत्र के 93.9750 से बेहतर था.

वहीं, बाजार की अस्थिरता को मापने वाला वोलैटिलिटी इंडेक्स (वीआईएक्स) 4 प्रतिशत से ज्यादा गिरकर 25.60 पर आ गया. इससे संकेत मिलता है कि निवेशकों के बीच डर थोड़ा कम हुआ है और बाजार में भरोसा लौट रहा है.

ये भी पढ़ें- प्रैक्टिस से लेकर ट्रैवल तक... IPL 2026 से पहले BCCI ने लागू किए 7 नए नियम, क्या होगा इसका असर?