Pete Hegseth News: अमेरिका के रक्षा मंत्री पीटर हेगसेथ एक बड़े राजनीतिक तूफान के केंद्र में आ गए हैं. केवल 40 सेकंड के एक गुप्त वीडियो ने उनके पद को ऐसी मुश्किल में डाल दिया है कि तमाम प्रयासों के बावजूद व्हाइट हाउस भी उन्हें बचाता हुआ नजर नहीं आ रहा.
45 वर्षीय हेगसेथ इस वर्ष जनवरी में रक्षा मंत्री (सेक्रेटरी ऑफ डिफेंस) बने थे और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में गिने जाते हैं. लेकिन अब एक सैन्य अभियान से जुड़ा वीडियो उनकी कुर्सी को हिला रहा है.
विवाद की जड़, वह फुटेज जो केवल चुनिंदा सांसदों को दिखाया गया
ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स, विशेषकर टेलीग्राफ के अनुसार यह वीडियो बेहद संवेदनशील है और अभी तक इसे केवल अमेरिकी कांग्रेस के कुछ सदस्यों को ही दिखाया गया है. विपक्षी डेमोक्रेट्स मांग कर रहे हैं कि वीडियो को सार्वजनिक किया जाए ताकि नागरिकों को भी तथ्यों का पता चल सके.
वीडियो दो हिस्सों में है, पहला हिस्सा 29 सेकंड का, जिसमें अमेरिकी फोर्सेज वेनेजुएला के ड्रग तस्करों पर स्ट्राइक करती दिखती हैं. इस हमले में 11 तस्करों की मौके पर ही मौत हो जाती है.
हाथ ऊपर किए दो लोगों पर भी गोलीबारी
मुख्य विवाद दूसरे हिस्से से है, 40 सेकंड का अतिरिक्त वीडियो, जिसमें दो तस्कर हाथ ऊपर किए दिखाई देते हैं. दोनों भयभीत हैं और स्पष्ट रूप से सरेंडर की कोशिश कर रहे हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार हथियार छोड़ चुके इन दोनों व्यक्तियों पर भी अमेरिकी सैनिकों द्वारा हमला किया गया और दोनों की मौत हो गई.
इस हमले का आदेश नॉर्थ कैरोलिना में बैठे एडमिरल फ्रैंक ब्रैडली ने दिया था, और दावा यह है कि पूरे अभियान के दौरान ब्रैडली लगातार रक्षा मंत्री हेगसेथ के संपर्क में थे. इसी वजह से अब हेगसेथ पर युद्ध अपराध (War Crime) के आरोप लगाए जा रहे हैं.
कांग्रेस समिति की रिपोर्ट बढ़ाएगी मुश्किलें
सूत्रों के अनुसार अमेरिकी कांग्रेस की एक विशेष समिति इस पूरे मामले पर अपनी रिपोर्ट तैयार कर रही है. अगर समिति ने स्ट्राइक को नियमों के उल्लंघन वाला करार दिया, तो हेगसेथ को पद से हटना पड़ सकता है. व्हाइट हाउस की ओर से उनके समर्थन में हालांकि बयान आए हैं, लेकिन दबाव लगातार बढ़ रहा है.
डेमोक्रेटिक पार्टी हेगसेथ के इस्तीफे पर क्यों अड़ी है?
कांग्रेस हाउस आर्म्ड सर्विसेज कमेटी के प्रमुख डेमोक्रेट एडम स्मिथ का कहना है कि अभियान के लिए जो आधिकारिक आदेश जारी किया गया था, उसमें निर्देश था कि ड्रग्स को नष्ट करो और नाव पर मौजूद 11 तस्करों को निष्क्रिय कर दिया जाए.
स्मिथ का आरोप है कि आदेश में कहीं भी यह नहीं कहा गया कि निहत्थे और सरेंडर कर रहे लोगों पर मिसाइल दागी जाए. उनके मुताबिक यह अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का गंभीर उल्लंघन है और इसे युद्ध अपराध के रूप में देखा जाना चाहिए. स्मिथ ने साफ कहा कि हेगसेथ को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए.
ट्रंप प्रशासन पर भी बढ़ रहा राजनीतिक दबाव
यह पूरा विवाद अमेरिकी राजनीति में एक बड़ा मुद्दा बन गया है. विपक्ष का कहना है कि यह सिर्फ एक सैन्य गलती नहीं, बल्कि एक ऐसी कार्रवाई है जो “मानवाधिकार और सेना की नैतिक सीमाओं” को तोड़ती है. राष्ट्रपति ट्रंप की टीम इस मामले को “विरोधियों की राजनीतिक साजिश” बता रही है, लेकिन रक्षा मंत्री का भविष्य अब कांग्रेस समिति की रिपोर्ट पर निर्भर दिख रहा है.
यह भी पढ़ें- MP की महिलाओं के लिए खुशखबरी, इस दिन जारी होगी लाडली बहना योजना की 31वीं किस्त, खाते में आएंगे ₹1500