जापान में फिर आया जोरदार भूकंप, हफ्ते में चौथी बार कांपा देश, तटीय इलाकों में सुनामी का अलर्ट जारी

जापान में शुक्रवार सुबह एक बार फिर शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए.

Strong earthquake hits Japan Tsunami alert in coastal areas
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

जापान में शुक्रवार सुबह एक बार फिर शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए. भारतीय समयानुसार सुबह 8:14 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता 6.7 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई और इसकी गहराई 10.7 किलोमीटर रही. भूकंप तटीय क्षेत्रों के करीब आया और झटकों की तीव्रता इतनी थी कि लोग डर के कारण घरों और कार्यालयों से बाहर भागते दिखे. कई जगह दुकानों और सार्वजनिक स्थानों में अलार्म बज गए और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए.

भूकंप के तुरंत बाद जापान मौसम एजेंसी ने तटीय इलाकों में सुनामी का अलर्ट जारी किया. एजेंसी ने कहा कि समुद्र में 1 मीटर तक ऊँची लहरें उठ सकती हैं. होक्काइडो के केंद्रीय प्रशांत तट, आओमोरी, इवाते और मियागी प्रीफेक्चर में लोगों को सतर्क रहने और समुद्र के पास न जाने की सलाह दी गई. प्रशासन ने अलर्ट पर रहते हुए राहत और बचाव कार्यों को सक्रिय कर दिया है.

इस सप्ताह चौथी बार भूकंप का झटका

जापान इस हफ्ते लगातार भूकंपों की झंड़ी झेल रहा है. सोमवार को 7.6 मैग्नीट्यूड का भूकंप आया जिसमें 50 से अधिक लोग घायल हुए और सड़कें टूट गईं. इसके अगले दिन होंचो शहर में 6.7 मैग्नीट्यूड का झटका महसूस किया गया. बुधवार को आओमोरी और होक्काइडो में 6.5 तीव्रता के झटके आए. और अब शुक्रवार को फिर 6.7 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे यह सप्ताह लगातार चौथे दिन देश के लिए भूकंपीय गतिविधियों वाला सप्ताह बन गया है.

भूकंपीय दबाव और विशेषज्ञों की चेतावनी

जापान मौसम एजेंसी ने सोमवार के भूकंप के बाद बताया था कि अगले एक हफ्ते में 8.0 या उससे अधिक तीव्रता के भूकंप की संभावना बढ़ गई है. विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तरी और पूर्वी तट के नीचे स्थित टेक्टॉनिक प्लेटों पर भारी दबाव जमा है, जिससे लगातार झटके महसूस हो रहे हैं. 2011 में आए विनाशकारी 9.0 मैग्नीट्यूड वाले भूकंप से पहले भी इसी तरह का पैटर्न देखा गया था.

ये भी पढ़ें- पत्नी ने एलिमनी लेने से किया मना, सास के कंगन तक लौटाए... सुप्रीम कोर्ट ने बताया तलाक का रेयर मामला