गेम चेंजर! भारत को मिलेंगे Su-57E लड़ाकू विमान…जिरकॉन हाइपरसोनिक मिसाइल के कॉम्बो

भारतीय वायुसेना को आने वाले वर्षों में नई शक्ति मिलने जा रही है. जानकारी के अनुसार, भारत अब रूस के पांचवीं पीढ़ी के अत्याधुनिक स्टील्थ फाइटर जेट SU-57E की खरीद और उत्पादन को लेकर गंभीर विचार कर रहा है.

Su-57E Fighter jet zircon hypersonic missile will get by india
Image Source: Social Media

भारतीय वायुसेना को आने वाले वर्षों में नई शक्ति मिलने जा रही है. जानकारी के अनुसार, भारत अब रूस के पांचवीं पीढ़ी के अत्याधुनिक स्टील्थ फाइटर जेट SU-57E की खरीद और उत्पादन को लेकर गंभीर विचार कर रहा है. यह चर्चा सिर्फ खरीद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें संयुक्त निर्माण और तकनीकी सहयोग की भी संभावना है, जिससे देश की रक्षा उत्पादन क्षमता को भी मजबूती मिलेगी.

भारत के पास वर्तमान में कोई पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर जेट नहीं है. SU-57E इस खाली स्थान को भरने की काबिलियत रखता है. इसकी सबसे खास बात यह है कि यह विमान हाइपरसोनिक ज़िरकॉन मिसाइल (3M22 Zircon) को भी ले जाने में सक्षम है, जो करीब मैक 9 (9,600 किमी/घंटा) की रफ्तार से उड़ती है. यह मिसाइल किसी भी मौजूदा एयर डिफेंस सिस्टम को चकमा देने में सक्षम है, जिससे यह भारत के लिए गेमचेंजर साबित हो सकती है. इसके साथ-साथ SU-57E भारत-रूस की साझा परियोजना ब्रह्मोस मिसाइल को भी अपने साथ ले जा सकता है, जिससे वायुसेना को जमीन और समुद्र दोनों पर सटीक हमले की क्षमता प्राप्त होगी.

चीन और पाकिस्तान को मिलेगा जवाब

इस विमान की तैनाती से भारत को चीन की लंबी दूरी की हवाई क्षमताओं और पाकिस्तान की वायुसेना की चुनौतियों का सशक्त जवाब देने की शक्ति मिलेगी. ज़िरकॉन जैसी हाइपरसोनिक मिसाइलें इन दोनों देशों के लिए एक रणनीतिक चुनौती बन जाएंगी, जिससे भारत की सैन्य स्थिति और आत्मविश्वास में बड़ा इज़ाफा होगा.

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) को मिलेगा रणनीतिक लाभ

इस डील का एक बड़ा पहलू है स्थानीय निर्माण और तकनीकी हस्तांतरण. रूस की ओर से भारत को फुल टेक्नोलॉजी ट्रांसफर (ToT) और भारतीय रक्षा प्रणालियों के साथ इंटीग्रेशन की पेशकश की गई है. इससे HAL को स्टील्थ तकनीक और सुपरक्रूज़ जैसी एडवांस क्षमताओं में महारत हासिल करने का मौका मिलेगा.

नासिक स्थित HAL प्लांट में SU-57E का निर्माण शुरू हो सकता है, जहां वर्तमान में SU-30MKI बनते हैं. पहले चरण में लगभग 30 विमान सीधे रूस से आएंगे, इसके बाद भारत में ही उत्पादन किया जाएगा. इससे भारतीय वायुसेना में स्क्वाड्रन की कमी को पूरा करने में मदद मिलेगी और हजारों नई नौकरियों के अवसर भी पैदा होंगे.इसके अलावा, भविष्य में भारत इन विमानों का निर्यात भी कर सकता है, जिससे यह डील आर्थिक रूप से भी लाभदायक होगी.

पश्चिमी विकल्पों से सस्ता और लंबे समय के लिए फायदेमंद

सूत्रों का कहना है कि SU-57E का स्थानीय निर्माण अमेरिका के F-35 जैसे फाइटर जेट्स की तुलना में काफी सस्ता होगा. इसके रखरखाव और उन्नयन की ज़िम्मेदारी HAL के पास रहेगी, जिससे लंबे समय तक देश को आर्थिक लाभ मिलेगा.

क्या हैं चुनौतियां?

इस सौदे के रास्ते में कुछ चुनौतियां भी हैं. अमेरिका का CAATSA कानून, जो रूस से हथियार खरीदने पर प्रतिबंध लगाने की अनुमति देता है. SU-57E के इंजन की परिपक्वता को लेकर भी कुछ तकनीकी चिंताएं हैं. इसके अलावा, भारत पहले FGFA प्रोजेक्ट से पीछे हट चुका है, जिससे कुछ पुरानी आशंकाएं दोबारा उठ सकती हैं. हालांकि, रूस के सहयोगी रवैये और HAL की तकनीकी क्षमता को देखते हुए इन चुनौतियों को पार करना संभव माना जा रहा है.

हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की बढ़ती भूमिका

SU-57E और ज़िरकॉन जैसे अत्याधुनिक हथियार मिलने के बाद भारत उन गिने-चुने देशों की सूची में आ जाएगा जिनके पास हवाई हाइपरसोनिक हथियार प्रणाली है. इससे भारत को हिंद-प्रशांत क्षेत्र में एक निर्णायक सैन्य और रणनीतिक बढ़त मिलेगी.

यह भी पढ़ें: RSS प्रचारक से तीन बार देश के प्रधानमंत्री बनने तक... PM Modi की कहानी किसी प्रेरणा से कम नहीं