Govinda & Sunita Ahuja: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा लंबे समय से अपनी फिल्मों के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहते हैं. बीते कुछ समय से उनके और पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं. कभी अलगाव की बातें सामने आईं, तो कभी गोविंदा के कथित अफेयर्स को लेकर चर्चाएं तेज हुईं. हालांकि सुनीता आहूजा ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि इन खबरों में कोई सच्चाई नहीं है और वह अपने रिश्ते को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं.
सुनीता आहूजा अपने बेबाक और दोटूक अंदाज के लिए जानी जाती हैं. इससे पहले भी वह कई बार गोविंदा से अलग होने की खबरों को सिरे से नकार चुकी हैं. अब हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने एक बार फिर गोविंदा की पर्सनल लाइफ पर चल रही चर्चाओं का जिक्र किया और इशारों-इशारों में यह स्वीकार किया कि ऐसी बातें पहले भी सामने आती रही हैं.
“गोविंदा सिर्फ मेरा है”
मिस मालिनी को दिए इंटरव्यू के प्रोमो में सुनीता ने गोविंदा को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि कोई भी उन्हें और गोविंदा को अलग नहीं कर सकता. सुनीता के शब्दों में, चाहे कितनी भी मुश्किलें क्यों न आएं, गोविंदा सिर्फ उनके हैं और रहेंगे. उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी के भी दखल से उनके रिश्ते पर कोई असर नहीं पड़ सकता.
एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर पर बेबाक बयान
गोविंदा के कथित अफेयर्स पर बोलते हुए सुनीता ने काफी तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया. उन्होंने कहा कि ऐसी महिलाएं गोविंदा की जिंदगी में आती-जाती रहती हैं, लेकिन वह इसे हल्के में नहीं लेतीं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में गोविंदा की उम्र का जिक्र करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने परिवार और बच्चों की जिम्मेदारियों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए. सुनीता ने यह भी कहा कि वह इस तरह की बातों को कभी माफ नहीं करेंगी और गोविंदा को सावधान रहने की सलाह दी.
बेटे यशवर्धन के करियर पर भी रखी बात
इंटरव्यू में सुनीता आहूजा ने अपने बेटे यशवर्धन आहूजा के फिल्मी करियर को लेकर भी खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि गोविंदा का बेटा होने के बावजूद यशवर्धन ने कभी अपने पिता से करियर में मदद नहीं मांगी. सुनीता का कहना था कि गोविंदा ने भी बेटे के लिए कोई सिफारिश नहीं की. उन्होंने यह तक कह दिया कि उन्होंने गोविंदा से सवाल किया था कि वह पिता के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं या नहीं.
रिश्ते में भरोसे का दावा
इन तमाम बयानों के बावजूद सुनीता आहूजा ने साफ कर दिया कि उनका और गोविंदा का रिश्ता मजबूत है. अफवाहें चाहे कितनी भी उड़ें, वह अपने रिश्ते को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं और किसी भी तरह की अटकलों को तवज्जो नहीं देतीं.
ये भी पढ़ें- WhatsApp से कैसे डाउनलोड करें Aadhaar Card? जान लीजिए स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस, घर बैठे हो जाएगा काम