KBC 17 में सुनील ग्रोवर की एक्टिंग देख अमिताभ बच्चन भी हंसी से हुए लोटपोट, देखें VIDEO

टीवी का सबसे लोकप्रिय क्विज शो "कौन बनेगा करोड़पति" इस हफ्ते दर्शकों के लिए जबरदस्त मनोरंजन लेकर आने वाला है. सीजन 17 में इस बार मंच पर गंभीर सवालों की जगह ठहाकों की गूंज सुनाई देगी.

Sunil Grover act amitabh bacchan in a set of kbc video went viral
Image Source: Social Media

टीवी का सबसे लोकप्रिय क्विज शो "कौन बनेगा करोड़पति" इस हफ्ते दर्शकों के लिए जबरदस्त मनोरंजन लेकर आने वाला है. सीजन 17 में इस बार मंच पर गंभीर सवालों की जगह ठहाकों की गूंज सुनाई देगी. वजह हैं कॉमेडी की दुनिया के दो चमकते सितारे सुनील ग्रोवर और कृष्णा अभिषेक, जो दिवाली स्पेशल एपिसोड में नजर आएंगे.

पिछले हफ्ते शो में एक प्रतियोगी की बदतमीजी ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी थी. ऐसे में अब शो में हल्के-फुल्के अंदाज और मस्ती भरे माहौल के साथ वापसी हो रही है, जो दर्शकों के लिए सुकून भरा अनुभव होगा.

रिंकू भाभी के अवतार में सुनील की एंट्री, बिग बी भी ठहाके लगाने पर मजबूर

सोनी टीवी ने इस एपिसोड का जो प्रोमो रिलीज़ किया है, उसमें साफ देखा जा सकता है कि सेट पर हंसी का जोरदार माहौल बना हुआ है. सुनील ग्रोवर, अपने चर्चित किरदार रिंकू भाभी के रूप में मंच पर आते हैं और 'मेरे हसबैंड मुझको प्यार नहीं करते' गाकर समा बांध देते हैं. उनके अंदाज को देखकर अमिताभ बच्चन खुद को हंसने से रोक नहीं पाते और स्टूडियो तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठता है.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by @sonytvofficial

ब्लैक सूट में नजर आ रहे कृष्णा भी सुनील की नकल और मस्ती में पूरा साथ देते हैं. इस प्रोमो के सामने आने के बाद फैंस भी सोशल मीडिया पर अपनी एक्साइटमेंट छिपा नहीं पा रहे हैं. एक यूजर ने कमेंट किया, "ऐसे मेहमान हर एपिसोड में आने चाहिए!"

सुनील और कृष्णा की ओटीटी जर्नी

कॉमेडी के मैदान में अपना लोहा मनवा चुके सुनील ग्रोवर और कृष्णा अभिषेक हाल ही में नेटफ्लिक्स की सीरीज 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में भी नजर आए थे. इसके अलावा सुनील ग्रोवर वेब सीरीज 'सनफ्लावर' और चर्चित राजनीतिक ड्रामा 'तांडव' में भी अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. फिल्मी परदे की बात करें तो वो हाल ही में शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'जवान' में कैमियो करते नजर आए थे.

पिछला हफ्ता विवादों में, अब माहौल बदलेगा

बीते हफ्ते शो के एक एपिसोड में 10 साल का प्रतियोगी इशित भट्ट चर्चा में रहा था, जिसने अमिताभ बच्चन को बार-बार बीच में रोकते हुए अपना जवाब लॉक करवाने की जिद की थी. हालांकि, उसका आत्मविश्वास उस वक्त कमजोर पड़ गया जब वह रामायण से जुड़े 25,000 रुपए के सवाल का सही जवाब नहीं दे पाया. इस वाकये को लेकर दर्शकों में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आई थीं.

कब और कहां देखें एपिसोड?

20 अक्टूबर, सोमवार की रात 9 बजे, सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाले इस दिवाली स्पेशल एपिसोड में दर्शकों को कॉमेडी और क्विज़ का शानदार मेल देखने को मिलेगा. साथ ही, शो में एक खास पल तब आएगा जब सुनील ग्रोवर खुद अमिताभ बच्चन की नकल करते हुए उनकी आवाज़ और हाव-भाव में उतर जाते हैं.

यह भी पढ़ेंः दिवाली क्यों नहीं मनाते दिलजीत दोसांझ? बोले- अब बहुत डर लगता है...