कॉमेडी और मिमिक्री का जबरदस्त मेल एक बार फिर दर्शकों को देखने को मिला है. जिस आमना-सामने को लेकर फैंस लंबे वक्त से उत्साहित थे, वो आखिरकार स्क्रीन पर धमाकेदार अंदाज़ में सामने आ गया. सुनील ग्रोवर और आमिर खान की ये टक्कर हंसी से लोटपोट कर देने वाली है. हाल ही में आमिर खान की अपकमिंग फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ के प्रमोशनल वीडियो में सुनील ग्रोवर ने आमिर खान की ऐसी नकल उतारी कि पहचान कर पाना नामुमकिन हो गया. हालात यहां तक पहुंच गए कि असली आमिर खान को ही उनके ऑफिस से बाहर निकाल दिया गया.
प्रमोशनल वीडियो की कहानी बड़े मजेदार तरीके से आगे बढ़ती है. सीन में सबसे पहले वीर दास आमिर खान के ऑफिस में एंट्री करते हैं. सामने कुर्सी पर आमिर खान के कपड़ों में सुनील ग्रोवर बैठे होते हैं. लुक, बॉडी लैंग्वेज, बोलने का अंदाज़—सब कुछ इतना सटीक कि वीर दास भी कुछ पल के लिए उलझन में पड़ जाते हैं. हालांकि उन्हें हल्का-सा शक होता है, लेकिन सुनील अपनी परफॉर्मेंस से उन्हें पूरी तरह यकीन दिला देते हैं कि सामने बैठे शख्स आमिर खान ही हैं.
‘हैप्पी पटेल’ पर बरसाया प्यार और वादों की बारिश
सुनील ग्रोवर, आमिर बनकर वीर दास का बड़े अपनापन के साथ स्वागत करते हैं और उनकी फिल्म ‘हैप्पी पटेल’ की जमकर तारीफ करते हैं. वो कहते हैं कि फिल्म ब्लॉकबस्टर होगी, ऑस्कर तक पहुंचेगी और इसका सीक्वल भी बनेगा. इतना ही नहीं, वो वीर दास को बोनस का चेक भी थमा देते हैं. मजाकिया अंदाज़ में कहते हैं, “अगर ये फिल्म हिट नहीं हुई तो मेरा नाम आमिर खान नहीं.” साथ ही सीक्वल का एडवांस चेक भी पकड़ा देते हैं, जिससे वीर खुशी से फूले नहीं समाते.
‘मेरा नाम आमिर खान नहीं’ और एंट्री असली आमिर की
कहानी में असली ट्विस्ट तब आता है जब अचानक असली आमिर खान कमरे में दाखिल होते हैं. सामने खुद की हूबहू नकल देखकर आमिर भड़क जाते हैं और सवाल करते हैं कि ये सब क्या हो रहा है. लेकिन तब तक वीर दास पूरी तरह भ्रम में आ चुके होते हैं. वो असली आमिर को पहचान ही नहीं पाते और सुनील की ओर इशारा कर देते हैं. ये देखकर आमिर और ज्यादा नाराज़ हो जाते हैं और सिक्योरिटी को बुला लेते हैं.
यहां देखें VIDEO
जब सिक्योरिटी भी खा गई धोखा
अब कॉमेडी अपने चरम पर पहुंच जाती है. सिक्योरिटी गार्ड्स भी सुनील ग्रोवर यानी नकली आमिर की बातों और मोटे चेक से प्रभावित हो जाते हैं. थोड़ी नाटकबाज़ी के बाद वो असली आमिर खान को ही पकड़कर ऑफिस से बाहर ले जाते हैं. इस पूरे सीन को इतनी शानदार कॉमिक टाइमिंग के साथ पेश किया गया है कि दर्शकों की हंसी रोक पाना मुश्किल हो जाता है.
वीडियो हुआ वायरल, तारीफों की बौछार
आमिर खान प्रोडक्शंस की तरफ से यह प्रमोशनल वीडियो 12 जनवरी 2026 को रिलीज किया गया था और रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया. इससे पहले भी ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में सुनील ग्रोवर की आमिर खान मिमिक्री को खूब पसंद किया गया था.
आमिर खुद हुए थे सुनील के फैन
एक इंटरव्यू में आमिर खान ने सुनील ग्रोवर की तारीफ करते हुए कहा था कि वो इसे मिमिक्री भी नहीं मानते. आमिर के मुताबिक, सुनील की नकल इतनी असली लगी कि उन्हें लगा जैसे वो खुद को आईने में देख रहे हों. आमिर ने बताया कि उन्होंने क्लिप देखकर इतनी हंसी कि सांस तक रुक गई. इस नए प्रमोशनल वीडियो ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सुनील ग्रोवर की मिमिक्री और आमिर खान का स्पोर्टिंग अंदाज़ मिल जाए, तो एंटरटेनमेंट की गारंटी तय है.
यह भी पढ़ें: स्प्लिट्सविला की इस कंटेस्टेंट ने उर्फी के बॉयफ्रेंड को किया KISS, इस इंफ्लुएंसर ने सोशल मीडिया पर किया दावा