एशिया कप जीतने के बाद सूर्यकुमार यादव की दरियादिली, सेना और पहलगाम के पीड़ितों को देंगे अपनी मैच फीस

पाकिस्तान के खिलाफ हुए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की शानदार जीत के बाद सूर्या ने ऐलान किया है कि वे टूर्नामेंट से मिली अपनी पूरी मैच फीस देश की सेना और पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों को दान करेंगे.

Suryakumar Yadav will donate his match fees to the army
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

नई दिल्ली: एशिया कप 2025 में ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक ऐसा कदम उठाया है, जिसने उन्हें क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ पूरे देशवासियों के दिलों में और भी ऊंचा स्थान दिला दिया है. पाकिस्तान के खिलाफ हुए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की शानदार जीत के बाद सूर्या ने ऐलान किया है कि वे टूर्नामेंट से मिली अपनी पूरी मैच फीस देश की सेना और पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों को दान करेंगे.

कमाई को देश के लिए समर्पित किया

रविवार को दुबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर नौवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया. लेकिन ट्रॉफी से ज़्यादा चर्चा का विषय बना कप्तान सूर्यकुमार यादव का वह फैसला, जिसमें उन्होंने अपनी व्यक्तिगत कमाई को देश के लिए समर्पित कर दिया.

फाइनल के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सूर्यकुमार यादव ने कहा, "हमने यह टूर्नामेंट सिर्फ क्रिकेट के लिए नहीं, बल्कि देश के लिए खेला है. हाल ही में जो कुछ भी हमारे जवानों और नागरिकों के साथ पहलगाम में हुआ, वह बहुत पीड़ादायक था. मैंने फैसला किया है कि मेरी पूरी मैच फीस सेना और उन पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए दी जाएगी, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया. यह मेरी तरफ से एक छोटा सा योगदान है."

ट्रॉफी न मिलने पर भी नहीं टूटी हिम्मत

इससे पहले भारतीय टीम ने एशिया कप जीतने के बावजूद ट्रॉफी न मिलने पर बिना ट्रॉफी के ही सेलिब्रेशन किया था. दरअसल, भारतीय टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था, जिसके चलते ट्रॉफी को मंच पर लाया ही नहीं गया. इसके बावजूद सूर्यकुमार ने मैदान पर ही "कल्पनात्मक ट्रॉफी" के साथ जश्न मनाया और एक मजबूत संदेश दिया कि सम्मान ट्रॉफी से नहीं, भावना और सिद्धांतों से मिलता है.

ये भी पढ़ें- टीम इंडिया ने मोहसिन नकवी को किया बेइज्जत, PCB चीफ के हाथ से नहीं ली ट्रॉफी, सवा घंटे तक हुआ बवाल