सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन ने जापान मोबिलिटी शो 2025 में अपनी इलेक्ट्रिक क्रांति की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने पहली बार अपनी इलेक्ट्रिक माइक्रो कार Suzuki Vision E-Sky को पेश किया है. यह कार न केवल भविष्य की झलक दिखाती है, बल्कि शहरी सफर के लिए एक स्मार्ट, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल समाधान भी पेश करती है. सुजुकी का दावा है कि इसे 2026 फाइनेंशियल ईयर में बाजार में उतारा जाएगा, और यह कंपनी की “छोटी मगर दमदार कारों” की परंपरा को इलेक्ट्रिक रूप में आगे बढ़ाएगी.
क्या है Suzuki Vision E-Sky की खासियत?
Suzuki Vision E-Sky को कंपनी ने “Just Right Mini BEV” बताया है यानी ऐसी बैटरी इलेक्ट्रिक कार जो शहरों के ट्रैफिक और सीमित पार्किंग स्पेस के लिए परफेक्ट है. यह कार जापान के प्रसिद्ध केई कार सेगमेंट के लिए डिजाइन की गई है, जो कॉम्पैक्ट साइज के साथ बेहतरीन माइलेज और प्रैक्टिकलिटी के लिए जानी जाती हैं. इसका डिजाइन और तकनीक दोनों मिलकर इसे भविष्य की ‘स्मार्ट सिटी कार’ बनाते हैं.
डिजाइन में झलकता है फ्यूचर
Suzuki Vision E-Sky देखने में कॉम्पैक्ट जरूर है, लेकिन इसका डिजाइन बेहद मॉडर्न और स्टाइलिश है. 3,395 mm लंबाई और 1,625 mm ऊंचाई के साथ यह कार भीड़भाड़ वाले शहरी इलाकों में चलाने के लिए आदर्श है. फ्रंट में C-शेप LED DRLs, पिक्सल-स्टाइल हेडलाइट्स और स्मूद बॉडी लाइनें इसे एक प्रीमियम टच देती हैं. वहीं, स्लोपिंग रूफलाइन और बोल्ड व्हील आर्च इसे मिनी SUV जैसा स्पोर्टी लुक प्रदान करते हैं.
अंदर से जितनी सिंपल, उतनी स्मार्ट
कार के इंटीरियर में “Less is More” का सिद्धांत अपनाया गया है. इसका केबिन साफ-सुथरा, खुला और बेहद फंक्शनल है. फ्लोटिंग सेंटर कंसोल, वायरलेस चार्जिंग, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और ट्रे-स्टाइल डैशबोर्ड जैसी सुविधाएं इसे मॉडर्न बनाती हैं. एम्बिएंट लाइटिंग और स्क्वायर स्टीयरिंग व्हील ड्राइविंग अनुभव को और सहज बनाते हैं.
परफॉर्मेंस और रेंज
Suzuki Vision E-Sky में लगी हाई-एफिशिएंसी बैटरी एक बार चार्ज करने पर लगभग 270 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है. यह रेंज शहरी यात्राओं और छोटे वीकेंड ट्रिप्स के लिए आदर्श है. कंपनी ने इसे लो-कॉस्ट और मेंटेनेंस-फ्री इलेक्ट्रिक वाहन के रूप में डिजाइन किया है.
भारतीय बाजार में मुकाबला
अगर सुजुकी Vision E-Sky को भारत में लॉन्च करती है, तो यह सीधे तौर पर Tata Tiago EV और MG Comet EV जैसी इलेक्ट्रिक मिनी कारों को चुनौती दे सकती है. अपने डिजाइन, रेंज और कीमत के संतुलन के साथ, यह कार इलेक्ट्रिक सेगमेंट में “छोटे पैकेज में बड़ा धमाका” साबित हो सकती है.
ये भी पढ़ें: Hero की नई इलेक्ट्रिक बाइक से जल्द उठेगा पर्दा, मिलेगा बेहतरीन डिजाइन और धांसू फीचर्स, Ola-Bajaj की बढ़ेगी टेंशन