Switzerland Blast: नए साल का जश्न उस वक्त अफरा-तफरी और चीख-पुकार में बदल गया, जब स्विट्जरलैंड के प्रसिद्ध अल्पाइन स्की रिजॉर्ट शहर क्रांस मोंटाना में गुरुवार तड़के एक जोरदार विस्फोट हो गया. यह धमाका उस समय हुआ जब लोग न्यू ईयर सेलिब्रेशन में डूबे हुए थे. हादसे में कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि अनेक लोग घायल हुए हैं. स्विस पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है.
जिस स्थान पर धमाका हुआ है, वह स्विट्जरलैंड की राजधानी बर्न से करीब दो घंटे की दूरी पर स्थित है. यह इलाका अपनी लग्जरी स्की रिजॉर्ट्स और नाइटलाइफ के लिए जाना जाता है. नए साल के मौके पर यहां भारी संख्या में स्थानीय लोग और विदेशी पर्यटक मौजूद थे, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई.
बार में हुआ विस्फोट, वजह अब तक साफ नहीं
पुलिस के मुताबिक धमाका ‘ले कॉन्स्टेलेशन’ नामक एक लोकप्रिय बार में हुआ, जो पर्यटकों के बीच काफी मशहूर है. वालिस कैंटन पुलिस के प्रवक्ता गेटान लैथियन ने बताया कि विस्फोट के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. उन्होंने कहा कि यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं. घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है.
फॉरेंसिक जांच में जुटी पुलिस
क्रांस मोंटाना एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां खासतौर पर छुट्टियों और नए साल के दौरान भारी भीड़ उमड़ती है. पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है. फॉरेंसिक टीमें मौके से सबूत इकट्ठा कर रही हैं और घटना के समय बार में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट के कारणों पर स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी.
यह भी पढ़ें: नए साल की शुभकामनाओं की जगह पाकिस्तान ने दी धमकी, भारत को लेकर क्या बोल गए आसिम मुनीर?