Tanushree Dutta Video: बॉलीवुड अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने एक बार फिर सोशल मीडिया के ज़रिए अपनी तकलीफों को सामने रखा है. बीती रात इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक इमोशनल वीडियो में तनुश्री रोते हुए नज़र आईं और दावा किया कि उन्हें पिछले कई वर्षों से अपने ही घर में शोषण और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है. इस खुलासे के बाद मुंबई पुलिस ने उनके निवास पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
वीडियो में छलका दर्द
तनुश्री द्वारा साझा किए गए वीडियो में वह बेहद भावुक और असहाय नज़र आ रही हैं। उन्होंने कहा, “मैं पिछले चार-पांच साल से इस शोषण से जूझ रही हूं. मेरी तबीयत खराब हो चुकी है. मैं कोई काम नहीं कर पा रही हूं.” उन्होंने यह भी बताया कि उनके घर पर मेड्स रखने तक में परेशानी हो रही है, क्योंकि उनके अनुसार, “घर में प्लांट किए गए लोग” उनके आसपास मौजूद हैं.
आरोप गंभीर, लेकिन गुनहगार अज्ञात
हालांकि तनुश्री ने वीडियो में यह स्पष्ट नहीं किया कि वह किन लोगों की बात कर रही हैं या उनके आरोप किस पर हैं. उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि वह जल्द ही पुलिस स्टेशन जाकर पूरी शिकायत दर्ज कराएंगी. इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने अभिनेत्री से संपर्क किया है और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है.
रहस्यमयी आवाज़ों का दावा
तनुश्री ने एक और वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उनके घर के बाहर की अंधेरे में रहस्यमयी आवाज़ें सुनाई दे रही हैं. उन्होंने दावा किया कि यह कोई नई बात नहीं है, साल 2020 से वह इस तरह की तेज़, धमाकेदार और विचलित करने वाली आवाज़ों का सामना कर रही हैं.
उन्होंने लिखा, "अब मैंने हार मान ली है. मैं मंत्रों वाले हेडफोन पहनती हूं ताकि खुद को इन आवाज़ों से अलग कर सकूं." तनुश्री ने अपनी सेहत को लेकर भी चिंता जताई. उन्होंने बताया कि उन्हें क्रोनिक फटीग सिंड्रोम (थकावट का गंभीर मानसिक-शारीरिक रोग) हो गया है, जो लगातार तनाव और एंजाइटी का परिणाम है.
एक बार फिर ‘मी टू’ की गूंज
अपने कैप्शन में तनुश्री ने फिर से #MeToo हैशटैग का इस्तेमाल किया है. गौरतलब है कि तनुश्री ने 2018 में अभिनेता नाना पाटेकर पर यौन शोषण का आरोप लगाकर भारत में #MeToo मूवमेंट को नई पहचान दी थी. हालांकि, 2024 में अंधेरी कोर्ट ने इन आरोपों पर कोई संज्ञान लेने से इनकार कर दिया था.
ये भी पढ़ें- 'अभी तुम बच्चे हो', बिहार विधानसभा में किसपर भड़क गए नीतीश कुमार? जानिए क्या-क्या हुआ