T20 World Cup: टीम इंडिया ने एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप जीतकर देश को खुश कर दिया. अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को एकतरफा अंदाज में हराकर लगातार दूसरी और रिकॉर्ड तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया. इस ऐतिहासिक जीत के बाद इस बार कोई विक्ट्री परेड नहीं निकाली गई, इसलिए सभी खिलाड़ी सीधे अपने-अपने घर के लिए रवाना हो गए.
फाइनल मैच में ऑलराउंडर शिवम दुबे ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने सिर्फ 8 गेंदों में 25 रन की तेज पारी खेली, जिसने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. लेकिन मैच के बाद उनका घर लौटने का तरीका काफी अलग और दिलचस्प रहा.
फ्लाइट नहीं मिली, ट्रेन से जाना पड़ा
एक रिपोर्ट के अनुसार मैच खत्म होने के कुछ ही घंटों बाद शिवम दुबे अपनी पत्नी और एक दोस्त के साथ मुंबई जाने की तैयारी करने लगे. लेकिन उस समय अहमदाबाद से मुंबई जाने वाली सभी फ्लाइट्स फुल थीं और उन्हें टिकट नहीं मिल पाया. ऐसे में उन्होंने ट्रेन से जाने का फैसला किया. हालांकि ट्रेन में भी फर्स्ट एसी की जगह उन्हें थर्ड एसी कोच में ही टिकट मिल सकी.
पहचान छिपाकर पहुंचे स्टेशन
स्टेशन पर फैंस की भीड़ होने की वजह से दुबे ने अपनी पहचान छिपाने का फैसला किया. उन्होंने टोपी पहनी और चेहरे पर मास्क लगाया. पहले अपनी पत्नी और दोस्त को स्टेशन के अंदर भेजा और खुद ट्रेन छूटने से करीब 5 मिनट पहले प्लेटफॉर्म पर पहुंचे. इसके बाद वे सीधे ट्रेन की सबसे ऊपर वाली बर्थ पर जाकर लेट गए.
टिकट चेकर भी हुआ हैरान
ट्रेन में जब टिकट चेकर आया तो टिकट पर लिखा नाम देखकर हैरान रह गया. उसने पूछा कि क्या यह वही क्रिकेटर शिवम दुबे हैं. इस पर दुबे की पत्नी अंजुम ने साफ तौर पर इससे इनकार कर दिया, जिससे उनकी पहचान छिपी रही.
पुलिस की मदद से घर पहुंचे
शिवम दुबे बिना किसी के पहचानने के आराम से ट्रेन से मुंबई पहुंच गए. हालांकि बोरिवली स्टेशन पर उन्हें पहचान लिए जाने का डर था. ऐसे में उन्होंने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया. पुलिस भी यह सुनकर हैरान रह गई कि वर्ल्ड कप जीतने वाला खिलाड़ी ट्रेन से लौट रहा है. बाद में पुलिस ने स्टेशन पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षित घर तक पहुंचाया. दुबे ने बताया कि वह अपने बच्चों से मिलने के लिए जल्द से जल्द घर पहुंचना चाहते थे, इसलिए उन्होंने यह रास्ता चुना.
ये भी पढ़ें- AMCA को मिलेगी अल्ट्रा पावरफुल रडार टेक्नोलॉजी, राफेल और F-35 को भी दे सकती है कड़ी टक्कर