Starlink ने भारत में इंटरनेट प्लान की कीमतें कीं घोषित, दूरदराज़ इलाकों में हाई-स्पीड सेवा शुरू करने की तैयारी तेज

Starlink In India: एलन मस्क की कंपनी SpaceX अपने सैटेलाइट इंटरनेट प्रोजेक्ट Starlink को भारत में लॉन्च करने के अंतिम चरण में पहुंच चुकी है. मंजूरी प्रक्रियाओं और लंबे परीक्षणों के बाद कंपनी ने अब अपने रेसिडेंशियल इंटरनेट प्लान की आधिकारिक कीमतें जारी कर दी हैं.

TECH ELON MUSK Starlink announces internet plan prices in India
Image Source: Social Media

Starlink In India: एलन मस्क की कंपनी SpaceX अपने सैटेलाइट इंटरनेट प्रोजेक्ट Starlink को भारत में लॉन्च करने के अंतिम चरण में पहुंच चुकी है. मंजूरी प्रक्रियाओं और लंबे परीक्षणों के बाद कंपनी ने अब अपने रेसिडेंशियल इंटरनेट प्लान की आधिकारिक कीमतें जारी कर दी हैं. इसका उद्देश्य उन दूरदराज़ इलाकों में हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाना है जहां आज भी ब्रॉडबैंड सेवाएँ स्थिर रूप से उपलब्ध नहीं हो पातीं.

Starlink के रेसिडेंशियल प्लान की मासिक कीमत 8,600 रुपये रखी गई है, जबकि सेवा के लिए जरूरी हार्डवेयर किट 34,000 रुपये में उपलब्ध होगी. यूजर्स को अनलिमिटेड डेटा की सुविधा मिलती है और साथ में 30 दिनों का ट्रायल भी, ताकि वे सेवा की गुणवत्ता का अनुभव कर सकें.

कंपनी का दावा है कि यह सेवा हर मौसम में बेहतर तरीके से काम करती है और इसे 99.9% से अधिक अपटाइम देने के लिए डिजाइन किया गया है. हार्डवेयर इंस्टॉल करना आसान है, प्लग-इन करते ही कनेक्शन सक्रिय हो जाता है.

फाइबर न पहुंच पाने वाले इलाकों के लिए बड़ी उम्मीद

Starlink का यह रेसिडेंशियल इंटरनेट विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लिए बेहद उपयोगी माना जा रहा है जहां अब भी फाइबर या ब्रॉडबैंड सेवाएँ सीमित हैं. पहाड़ी और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह हाई-स्पीड इंटरनेट का एक नया और मजबूत विकल्प होगा.

बिजनेस प्लान पर फिलहाल सस्पेंस

कंपनी ने अभी केवल रेसिडेंशियल प्लान की जानकारी साझा की है. बिजनेस टियर की कीमतें और फीचर्स अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं. माना जा रहा है कि सरकारी एजेंसियों के साथ चल रही बातचीत के बाद कंपनी अगले कुछ सप्ताहों में कॉमर्शियल प्लान की घोषणा कर सकती है.

भारत में तेजी से बढ़ रहा Starlink का नेटवर्क

SpaceX भारत में अपने ऑपरेशन को मजबूत करने के लिए लगातार तैयारी बढ़ा रहा है. कंपनी ने हाल ही में बेंगलुरु स्थित कार्यालय के लिए Payments Manager, Accounting Manager, Senior Treasury Analyst और Tax Manager जैसे पदों पर भर्ती शुरू की है. 

इससे स्पष्ट है कि कंपनी भारत में बड़े पैमाने पर संचालन की तैयारी कर रही है. इसके अलावा, ऐसी खबरें भी हैं कि Starlink जल्द ही भारत के विभिन्न शहरों में कई ग्राउंड स्टेशन स्थापित कर सकता है, जिससे नेटवर्क की स्थिरता और गति बेहतर होगी.

भारत को लेकर एलन मस्क की रणनीति

एलन मस्क ने हाल ही में एक बातचीत में कहा कि Starlink दुनिया भर में तेजी से विस्तार कर रहा है और भारत उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण बाज़ारों में से एक है. मस्क का मानना है कि भारत के लाखों ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएँ उपलब्ध कराने में Starlink की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है. उनके अनुसार, सैटेलाइट इंटरनेट उन क्षेत्रों में तेजी से हाई-स्पीड कनेक्टिविटी पहुंचा सकता है जहां जमीनी नेटवर्क बिछाना मुश्किल और महंगा होता है.

भारत में लॉन्च अब बेहद करीब

Starlink की वेबसाइट पर आधिकारिक कीमतें जारी होने, महत्वपूर्ण पदों पर भर्ती शुरू होने और नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर की तैयारी के संकेतों से यह साफ है कि सेवा अब भारत में लॉन्च होने के बिल्कुल करीब है. औपचारिक मंजूरी मिलते ही देश के लाखों लोगों को हाई-स्पीड इंटरनेट का एक नया विकल्प उपलब्ध हो जाएगा.

यह भी पढे़ं- नई Kia Seltos से इस हफ्ते उठेगा पर्दा, मिलेंगे कई बेहतरीन फीचर्स, लॉन्च से पहले जानें खास बातें