IPhone Privacy Indicators: आजकल के स्मार्टफोन केवल कॉल और मैसेजिंग तक ही सीमित नहीं हैं. इनमें ऐसी फीचर्स भी हैं जो आपकी प्राइवेसी को सुरक्षित रखने में मदद करती हैं. अगर आप हाल के वर्षों में लॉन्च हुए किसी आईफोन का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आपने डायनामिक आईलैंड या स्क्रीन के टॉप राइट पर कभी-कभी ग्रीन और ऑरेंज डॉट जरूर देखा होगा.
लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये डॉट्स क्यों जलते हैं और इससे क्या जानकारी मिलती है? आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि आईफोन के इन डॉट्स का महत्व क्या है, यह कैसे काम करते हैं और इससे आप अपनी डिवाइस को सुरक्षित कैसे रख सकते हैं.
ग्रीन डॉट का मतलब, कैमरा सक्रिय
आईफोन पर जब ग्रीन डॉट जलती है, तो इसका मतलब है कि आपके कैमरा का इस्तेमाल हो रहा है. इसका अर्थ यह नहीं कि कोई बग है, बल्कि यह Apple की तरफ से एक चेतावनी है.
अगर आप वीडियो कॉल कर रहे हैं, सेल्फी ले रहे हैं या कोई ऐप कैमरा का उपयोग कर रही है, तो ग्रीन डॉट जलती है. यह आपको बताती है कि आपका कैमरा सक्रिय है और कोई ऐप इसे बैकग्राउंड में अनुमति के बिना उपयोग नहीं कर रहा है. इस फीचर की मदद से आप यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि कोई भी संदिग्ध ऐप या मैलवेयर आपकी प्राइवेसी का उल्लंघन नहीं कर रहा.
ऑरेंज डॉट का मतलब, माइक्रोफोन सक्रिय
आईफोन पर अगर आप ऑरेंज डॉट देखते हैं, तो समझ जाइए कि आपका माइक्रोफोन इस्तेमाल में है. यह डॉट तब जलती है जब आप वॉइस कॉल कर रहे हैं, वॉइस नोट रिकॉर्ड कर रहे हैं या कोई ऐप माइक्रोफोन का इस्तेमाल कर रही है.
Apple ने इसे इसलिए जोड़ा है ताकि यूजर को पता चल सके कि कौन-सी ऐप उनके ऑडियो डेटा तक पहुंच रही है. ऑरेंज डॉट का मतलब है कि आपका माइक्रोफोन चालू है और यदि आप किसी ऐप को इसके लिए परमिशन नहीं देते, तो यह डॉट आपको सतर्क करती है.
कैसे पता करें कौन-सी ऐप इस्तेमाल कर रही है कैमरा या माइक्रोफोन?
अगर आपको ऐसा लगे कि आपने किसी ऐप को खोल रखा है और फिर भी ग्रीन या ऑरेंज डॉट जल रही है, तो इसका पता लगाना बहुत आसान है. आईफोन में कंट्रोल सेंटर खोलें. स्क्रीन के टॉप राइट पर ग्रीन या ऑरेंज डॉट पर टैप करें. यहां आपको बताया जाएगा कि कौन-सी ऐप कैमरा या माइक्रोफोन का इस्तेमाल कर रही है.
यदि आपको कोई संदिग्ध ऐप नजर आती है, तो तुरंत उसे बंद कर दें. इससे न सिर्फ आपकी प्राइवेसी सुरक्षित रहेगी, बल्कि किसी भी तरह के मैलवेयर या चोरी से डेटा भी बचा रहेगा.
क्या इन डॉट्स को बंद किया जा सकता है?
आईफोन पर ग्रीन और ऑरेंज डॉट हमेशा एक्टिव रहते हैं और इन्हें बंद नहीं किया जा सकता. यह Apple की तरफ से एक स्थायी सुरक्षा फीचर है. हालांकि, आप यह नियंत्रित कर सकते हैं कि कौन-सी ऐप कैमरा और माइक्रोफोन को एक्सेस कर सकती है.
इस तरह, आप अपनी डिवाइस की प्राइवेसी को और मजबूत बना सकते हैं और अनवांटेड ऐप्स को किसी भी तरह की ऐक्सेस से रोक सकते हैं.
यह भी पढ़ें- कब और कहां होगा भारत-साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा टी20 मुकाबला? इस ऐप पर देख पाएंगे लाइव स्ट्रीमिंग