महुआ में बनेगा क्रिकेट स्टेडियम, भारत-पाकिस्तान का मैच भी होगा... तेज प्रताप यादव कर गए बड़ा वादा

चुनावी रैली के दौरान तेज प्रताप यादव ने जोर देकर कहा कि महुआ सीट पर उनकी जीत पक्की है और उनकी टक्कर कोई नहीं ले सकता. उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि इस बार उन्हें ही अपनी उम्मीदवारी का समर्थन देना चाहिए. वहीं तेज प्रताप यादव ने महुआ में क्रिकेट स्टेडियम बनवाने का भी वादा किया है. 

Tej Pratap Yadav announces cricket stadium in Mahua ahead of Bihar elections
Image Source: ANI/ File

पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और दो चरणों में वोटिंग होने वाली है. सभी राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत झोंककर प्रचार में जुटे हैं. इसी बीच, राजद से बाहर किए जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने अपनी नई राजनीतिक राह चुनी और नया दल बनाया. अब वह महुआ विधानसभा सीट पर जोरदार चुनावी प्रचार कर रहे हैं और स्थानीय जनता से समर्थन मांग रहे हैं. चुनावी रैली के दौरान तेज प्रताप यादव ने जोर देकर कहा कि महुआ सीट पर उनकी जीत पक्की है और उनकी टक्कर कोई नहीं ले सकता. उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि इस बार उन्हें ही अपनी उम्मीदवारी का समर्थन देना चाहिए. वहीं तेज प्रताप यादव ने महुआ में क्रिकेट स्टेडियम बनवाने का भी वादा किया है. 

"स्टेडियम बनवाएंगे और भारत-पाक का मैच कराएंगे"

जनशक्ति जनता दल के संस्थापक और महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने कहा, "हम महुआ में लगातार दौरा कर रहे हैं. बहुत जबरदस्त प्रतिक्रिया आ रही है. महुआ में मेडिकल कॉलेज प्लस पॉइंट है, हम इंजीनियरिंग कॉलेज देने वाले हैं. हम वहां क्रिकेट स्टेडियम भी बनवाएंगे और भारत-पाकिस्तान का मैच कराएंगे. महुआ में हमारी टक्कर में कोई नहीं है. जेपी, लोहिया, कर्पूरी ठाकुर और लालू प्रसाद यादव समेत अन्य वरिष्ठ नेता 'जननायक' हैं. तेजस्वी जननायक नहीं हो सकते. क्योंकि वह मेरे पिता की बदौलत यहां तक ​​पहुंचे हैं. अगर वह अपनी बदौलत यहां आएंगे तो सबसे पहले उन्हें जननायक मैं कहूंगा." 

किसी के साथ नहीं होगा गठबंधन

पीएम मोदी के LED वाले बयान पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि एलईडी को हमारी गाड़ी में भी लगी हुई है. वहीं लालटेन युग के अंत पर उन्होंने कहा कि अब किसका क्या होगा वह मैं नहीं बता सकता हूं. हम ना तो लालटेन में हैं और न ही आरजेडी में हैं तो आप लोग हमसे ये सवाल क्यों करते हैं. आरजेडी में पद मिलने को लेकर पूछे गए सवाल पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि हम पद के लोभी नहीं हैं. अगर आरजेडी से कोई पद मिलता भी है तो हम सबसे पहले उसको ठुकराने का काम करेंगे. जीतने के बाद गठबंधन करने के सवाल पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि मैं कभी किसी के साथ गठबंधन नहीं करूंगा.

ये भी पढ़ें: Chhath Puja 2025: छठ पर नहीं जा पाए घर? तो इस तरह पाएं छठी मईया के दर्शन!