Tajikistan Afghanistan Tension: मध्य एशिया का संवेदनशील इलाका एक बार फिर गहरे तनाव के साये में आ गया है. ताजिकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा लंबे समय से अस्थिरता, आतंकवाद और अवैध गतिविधियों का केंद्र रही है, लेकिन हाल ही में हुए ड्रोन हमले ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है. यह हमला न केवल दो देशों के रिश्तों में नया तनाव लेकर आया, बल्कि इससे बाहरी देशों के नागरिक भी सीधे तौर पर प्रभावित हुए.
ताजिकिस्तान के दक्षिणी खतलोन प्रांत में चीनी मज़दूरों पर किया गया यह हमला इस बात का संकेत है कि भले ही अफगानिस्तान में सत्ता परिवर्तन हो चुका हो, लेकिन सीमा पार से आने वाले खतरों की रफ्तार कम नहीं हुई है. क्षेत्रीय शक्तियों और पड़ोसी देशों की भी चिंताएं अब तेजी से सामने आ रही हैं.
ड्रोन हमले में तीन चीनी श्रमिकों की मौत
ताजिकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह हमला शाहीन एसएम गोल्ड माइन कंपनी पर किया गया, जहां चीन के कर्मचारी माइनिंग प्रोजेक्ट पर कार्यरत थे. ड्रोन हमले में तीन चीनी श्रमिकों की मौत हो गई और कई घायल भी हुए.
दुशांबे स्थित चीनी दूतावास ने भी घटना की पुष्टि करते हुए इसे बेहद गंभीर करार दिया. दूतावास ने अपने नागरिकों को तुरंत सतर्क रहने और सीमा क्षेत्र छोड़ने की सलाह दी. हालांकि हमले के पीछे किसका हाथ है, इस पर अभी किसी समूह का नाम सामने नहीं आया है.
चीन इस मामले को लेकर खासा चिंतित है, क्योंकि उसके कई संसाधन, आधारित प्रोजेक्ट ताजिकिस्तान के इसी सीमा क्षेत्र में चल रहे हैं. बीजिंग ने ताजिक सरकार से घटना की विस्तृत जांच और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
तालिबान ने बयान देकर चौंकाया, हमले की निंदा की
अफगान तालिबान, जिसे अक्सर अंतरराष्ट्रीय समुदाय सुरक्षा आश्वासन को लेकर कठघरे में खड़ा करता है, उसने भी इस ड्रोन हमले की निंदा की है. तालिबान के विदेश मंत्रालय का कहना है कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलते हैं कि इस वारदात के पीछे ऐसे तत्व हो सकते हैं जो दोनो देशों के बीच अविश्वास फैलाना, क्षेत्र को अस्थिर करना और शांति प्रक्रिया बाधित करना चाहते हैं. इसके बावजूद यह सवाल अपनी जगह बना हुआ है कि अफगानिस्तान की सरजमीं से ताजिकिस्तान में ड्रोन कैसे पहुंचा? और इस तरह के हमले को किसने अंजाम दिया?
अफगानिस्तान के अंदर सक्रिय अपराधी समूह
ताजिकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट रूप से कहा है कि हमले के पीछे अफगानिस्तान के भीतर सक्रिय अपराधी और चरमपंथी समूह जिम्मेदार हैं. दोनों देशों के बीच 1350 किलोमीटर लंबी सीमा है, जो प्राकृतिक रूप से बेहद कठिन और निगरानी के लिहाज से चुनौतीपूर्ण है. यही कारण है कि ड्रग तस्करी, हथियारों की अवैध सप्लाई और आतंकवादी गतिविधियाँ लंबे समय से यहाँ सक्रिय हैं.
CSTO बैठक में प्रतिबिंबित हुई क्षेत्रीय चिंता
बढ़ते तनाव के बीच किर्गिजस्तान की राजधानी बिश्केक में सामूहिक सुरक्षा संधि संगठन (CSTO) की महत्वपूर्ण बैठक हुई. इस बैठक में रूस, बेलारूस, कजाकिस्तान, किर्गिजस्तान और ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति मौजूद थे.
मुख्य मुद्दा, अफगानिस्तान की वर्तमान स्थिति और क्षेत्रीय सुरक्षा. बैठक में सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि अफगानिस्तान एक स्वतंत्र, शांतिपूर्ण, स्थिर, और आतंकवाद-मुक्त राष्ट्र के रूप में उभरना चाहिए. साथ ही, CSTO ने कहा कि वह अफगानिस्तान में शांति और विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रयासों में भाग लेने के लिए पूरी तरह तैयार है.
क्या सीमा सुरक्षित रखी जा सकेगी?
यह घटना साबित करती है कि यदि अफगानिस्तान में सुरक्षा की स्थिति स्थिर नहीं होती, तो इसका सीधा असर उसके पड़ोसियों पर पड़ेगा. चीन की मौजूदगी ताजिकिस्तान में तेजी से बढ़ रही है, और ऐसे हमले उसकी रणनीतिक रुचियों व निवेश के लिए खतरा बन सकते हैं.
इसके साथ ही, यह तनाव मध्य एशिया में नए भू-राजनीतिक समीकरणों को जन्म दे सकता है. रूस और चीन पहले ही इस क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, और अब इन घटनाओं के बाद उनका हस्तक्षेप और बढ़ सकता है.