Elon Musk Net Worth 600 billion: दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी इलॉन मस्क ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है. टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क की कुल संपत्ति अब 600 बिलियन डॉलर (करीब ₹54.6 लाख करोड़) के आंकड़े को पार कर चुकी है. इस मुकाम तक पहुंचने वाले वह दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं.
इससे पहले 1 अक्टूबर को मस्क की नेटवर्थ 500 बिलियन डॉलर के स्तर को पार कर चुकी थी, लेकिन महज कुछ ही हफ्तों में उनकी दौलत में रिकॉर्डतोड़ उछाल देखने को मिला. ताजा आंकड़ों के अनुसार, मस्क की कुल संपत्ति अब करीब 638 बिलियन डॉलर (लगभग ₹58 लाख करोड़) तक पहुंच चुकी है.
एक ही दिन में 168 बिलियन डॉलर की छलांग
एलन मस्क की संपत्ति में यह जबरदस्त बढ़ोतरी मुख्य रूप से स्पेसएक्स के वैल्यूएशन में आई तेजी के कारण हुई. स्पेसएक्स के 800 बिलियन डॉलर (करीब ₹72.8 लाख करोड़) के वैल्यूएशन और संभावित आईपीओ की खबरों के बाद मस्क की नेटवर्थ में एक ही दिन में लगभग 168 बिलियन डॉलर (करीब ₹15 लाख करोड़) की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
यह रकम भारत के दो सबसे अमीर उद्योगपतियों मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी की कुल संपत्ति के लगभग बराबर है. वर्तमान में अंबानी और अडाणी की नेटवर्थ करीब 16-16 लाख करोड़ रुपये के आसपास बताई जाती है.
स्पेसएक्स बनी दुनिया की सबसे मूल्यवान प्राइवेट कंपनी
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, स्पेसएक्स में हाल ही में हुई इनसाइडर शेयर सेल के बाद कंपनी का कुल वैल्यूएशन 800 बिलियन डॉलर आंका गया है. इसके साथ ही स्पेसएक्स दुनिया की सबसे मूल्यवान प्राइवेट कंपनी बन गई है.
एलन मस्क के पास स्पेसएक्स में लगभग 42 प्रतिशत हिस्सेदारी है. अगर कंपनी भविष्य में अमेरिकी शेयर बाजार में इसी वैल्यूएशन पर लिस्ट होती है, तो सिर्फ स्पेसएक्स में मस्क की हिस्सेदारी की कीमत 336 बिलियन डॉलर से भी ज्यादा हो सकती है. फोर्ब्स का मानना है कि यदि स्पेसएक्स का आईपीओ सफल रहता है, तो इलॉन मस्क के लिए दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर (1000 बिलियन डॉलर संपत्ति) बनने का रास्ता खुल सकता है.
टेस्ला और xAI ने भी बढ़ाया मस्क का खजाना
टेस्ला:
स्पेसएक्स के अलावा मस्क की दौलत में बड़ा योगदान उनकी इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी टेस्ला का भी है. टेस्ला में मस्क की करीब 12 प्रतिशत हिस्सेदारी है. साल 2025 में अब तक टेस्ला के शेयरों में लगभग 13 प्रतिशत की तेजी देखी गई है.
हाल ही में मस्क के उस बयान के बाद टेस्ला के शेयरों में 4 प्रतिशत की उछाल आई, जिसमें उन्होंने कहा था कि कंपनी फ्रंट पैसेंजर सीट पर बिना सेफ्टी मॉनिटर के रोबोटैक्सी का परीक्षण कर रही है. टेस्ला में मस्क की हिस्सेदारी की मौजूदा कीमत करीब 197 बिलियन डॉलर आंकी जा रही है.
xAI:
मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप xAI भी उनकी संपत्ति को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है. xAI इस समय करीब 230 बिलियन डॉलर के वैल्यूएशन पर 15 बिलियन डॉलर की नई इक्विटी जुटाने के लिए निवेशकों से बातचीत के अंतिम चरण में है.
12 साल की उम्र में शुरू हुआ था मस्क का सफर
इलॉन मस्क की सफलता की कहानी बचपन से ही असाधारण रही है. उन्होंने महज 10 साल की उम्र में कंप्यूटर प्रोग्रामिंग सीख ली थी और 12 साल की उम्र में ‘ब्लास्टर’ नाम का एक वीडियो गेम बनाया था. इस गेम को एक स्थानीय मैगजीन ने 500 अमेरिकी डॉलर में खरीद लिया था. यही मस्क की पहली व्यावसायिक सफलता मानी जाती है.
Zip2 से शुरू हुई अरबों की उड़ान
1995 में मस्क ने वेब सॉफ्टवेयर कंपनी Zip2 की स्थापना की. साल 1999 में कंप्यूटर कंपनी Compaq ने Zip2 को 307 मिलियन डॉलर में खरीद लिया. इस सौदे में मस्क को अपनी 7 प्रतिशत हिस्सेदारी के बदले 22 मिलियन डॉलर मिले. यही वह मोड़ था, जहां से मस्क का बिजनेस करियर नई रफ्तार में आ गया.
PayPal डील ने बदली किस्मत
1999 में मस्क ने PayPal की नींव रखी. साल 2002 में ई-कॉमर्स दिग्गज eBay ने PayPal को 1.5 अरब डॉलर में खरीद लिया. इस डील से इलॉन मस्क को करीब 180 मिलियन डॉलर की कमाई हुई. PayPal की बिक्री के तुरंत बाद मस्क ने अपने सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट स्पेसएक्स की शुरुआत की.
मंगल ग्रह से दिमाग तक, मस्क के बड़े सपने
स्पेसएक्स:
मार्च 2002 में शुरू हुई स्पेसएक्स का लक्ष्य स्पेस लॉन्च की लागत को कम करना और मानव जाति को मल्टी-प्लैनेट स्पीशीज बनाना है. 2008 में Falcon 1 की सफलता और 2012 में Dragon कैप्सूल का अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ना, कंपनी के लिए मील का पत्थर साबित हुआ.
टेस्ला:
टेस्ला की स्थापना 2003 में हुई थी, लेकिन इलॉन मस्क 2004 में इसमें बड़े निवेशक के रूप में जुड़े. बाद में वह कंपनी के चेयरमैन और फिर सीईओ बने. टेस्ला का लक्ष्य इलेक्ट्रिक वाहनों को आम लोगों तक पहुंचाना और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है.
न्यूरालिंक:
2016 में स्थापित Neuralink का मकसद इंसानी दिमाग और कंप्यूटर के बीच सीधा संपर्क बनाना है. यह तकनीक न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के इलाज और भविष्य में इंसानों को एआई के साथ जोड़ने की दिशा में काम कर रही है.
600 बिलियन डॉलर से ज्यादा की संपत्ति के साथ इलॉन मस्क न केवल दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन चुके हैं, बल्कि उन्होंने अमीरी की परिभाषा ही बदल दी है. अब पूरी दुनिया की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या आने वाले वर्षों में वह पहले ट्रिलियनेयर बनकर एक और इतिहास रचेंगे.
यह भी पढे़ं- आपने वादा किया था... इमरान खान की पूर्व पत्नी जेमिमा ने एलन मस्क को कौन-सा प्रॉमिस दिलाई याद