2000 साल बाद समुद्र से बाहर आ रहा इटली का शहर एनेरिया, ज्वालामुखी ने डुबोया था यह रोमन नगर

इटली के तट पर, समुद्र की गहराइयों में दबा एक रहस्यमय रोमन शहर — ऐनारिया (Aenaria) — करीब 2,000 साल बाद फिर दुनिया के सामने आ रहा है.

The Italian city of Eneria emerging from the sea
प्रतीकात्मक तस्वीर/Photo- Internet

रोम: इटली के तट पर, समुद्र की गहराइयों में दबा एक रहस्यमय रोमन शहर — ऐनारिया (Aenaria) — करीब 2,000 साल बाद फिर दुनिया के सामने आ रहा है. कभी गुलजार और व्यापारिक गतिविधियों से भरपूर यह शहर ज्वालामुखी विस्फोट के बाद समुद्र में समा गया था. आज, आधुनिक तकनीक और पुरातात्विक खुदाई के ज़रिए यह शहर इतिहास की धूल झाड़ कर फिर से उभर रहा है.

कैसे डूबा था ये शहर?

180 ईस्वी में, इटली के इस्चिया द्वीप पर मौजूद क्रेटियो ज्वालामुखी फटा. विस्फोट के साथ उठीं विशाल लहरों और टेक्टोनिक हलचलों ने ऐनारिया को पूरी तरह तबाह कर दिया. यह तब रोमन साम्राज्य का एक प्रमुख बंदरगाह और व्यापारिक केंद्र था. देखते ही देखते एक चमकता-दमकता शहर समुद्र की गहराइयों में डूब गया.

समुद्र के नीचे चल रही है खुदाई, पर्यटन भी शुरू

अब यह ऐतिहासिक स्थल कार्टारोमाना खाड़ी के तट पर, मात्र कुछ मीटर गहराई में देखा जा सकता है. बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक:

  • ग्लास-बॉटम बोट,
  • स्नॉर्कलिंग, और
  • वॉटर टूरिज़्म के ज़रिए लोग प्राचीन रोमन खंडहरों को करीब से देख सकते हैं.

यहां प्राचीन रोमन घाट, पत्थर की संरचनाएं, मोज़ाइक, सिक्के, और यहां तक कि एक लकड़ी का जहाज़ भी समुद्र तल पर अब भी संरक्षित अवस्था में मौजूद हैं.

खोज की कहानी: कैसे सामने आया यह शहर?

1970 के दशक में जब कुछ स्थानीय गोताखोरों ने मिट्टी के बर्तन और अन्य कलाकृतियां खोजीं, तो पहली बार इस प्राचीन नगर की तरफ ध्यान गया.

लेकिन असली सफलता 2011 में मिली, जब समुद्र तल के सिर्फ दो मीटर नीचे रोमन बंदरगाह के पत्थर के खंभे और ढांचे पाए गए.

इसके बाद शुरू हुई व्यवस्थित खुदाई, जिसमें रोम की चमक-धमक और व्यापारिक गतिविधियों के कई चौंकाने वाले सबूत मिले.

रोमन इतिहास की एक खोई हुई कड़ी

इतिहासकार मानते थे कि रोमन साम्राज्य ने इस्चिया पर कोई स्थायी बस्ती नहीं बनाई थी. पर खुदाई से यह अवधारणा पूरी तरह गलत साबित हुई.

पुरातत्वविद् डॉ. एलेसेंड्रा बेनिनी कहती हैं, "ऐनारिया केवल एक बंदरगाह नहीं, बल्कि एक पूरी तरह विकसित आवासीय और व्यापारिक नगर था. इसकी रणनीतिक भूमिका रोमन सैन्य अभियानों में अहम रही होगी."

रोमन व्यापार का सबूत भी मिला

खुदाई में मिले एम्फोरा (प्राचीन तेल और शराब के कंटेनर), भूमध्यसागर के 12 अलग-अलग व्यापारिक केंद्रों से संबंधित हैं. यह दिखाता है कि ऐनारिया न केवल रणनीतिक, बल्कि आर्थिक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण था.

पर्यटकों के लिए रोमांचक अनुभव

इस गर्मी, पर्यटक खुदाई के लाइव दृश्य देख सकेंगे. साथ ही तैयार किया गया एक 3D डिजिटल मॉडल ऐनारिया की प्राचीन सड़कों, घरों और समुद्री किनारों को वर्चुअल रूप में जीवंत कर देगा.

ये भी पढ़ें- 'भारत के छह फाइटर जेट को मार गिराया और मिलिट्री ठिकानों...' डोभाल के बयान से फिर बौखलाया पाकिस्तान