The Kerala Story 2 Box Office Collection: इन दिनों सिनेमाघरों में अलग-अलग जॉनर और स्टारकास्ट वाली कई फिल्में एक साथ दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं. कुछ फिल्में हाल ही में रिलीज हुई हैं, तो कुछ को थिएटर में आए कई दिन बीत चुके हैं. हर फिल्म अपने-अपने दर्शकों को खींचने की कोशिश कर रही है. ऐसे में मंगलवार के दिन इन फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन कैसा रहा, आइए विस्तार से जानते हैं.
‘द केरला स्टोरी 2’ ने पकड़ी रफ्तार
27 फरवरी को रिलीज हुई ‘द केरला स्टोरी 2’ ने शुरुआत में विवादों के चलते धीमी ओपनिंग की थी, लेकिन इसके बाद फिल्म ने तेजी से रफ्तार पकड़ी. रिलीज के पांचवें दिन यानी पहले मंगलवार को फिल्म ने लगभग 4 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इसके साथ ही फिल्म की कुल कमाई करीब 16.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. शुरुआती सुस्ती के बाद फिल्म का यह उछाल मेकर्स के लिए राहत भरा माना जा रहा है.
‘ओ रोमियो’ की कमाई में गिरावट
शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की फिल्म ‘ओ रोमियो’ को रिलीज हुए अब लगभग तीन हफ्ते हो चुके हैं. शुरुआती दिनों में फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला था, लेकिन अब इसकी कमाई में गिरावट देखने को मिल रही है. रिलीज के 19वें दिन यानी तीसरे मंगलवार को फिल्म ने करीब 0.9 करोड़ रुपये (लगभग 9 लाख रुपये) का कलेक्शन किया. यह आंकड़ा दर्शाता है कि फिल्म की रफ्तार अब धीमी पड़ चुकी है.
‘अस्सी’ की कमाई रही सीमित
तापसी पन्नू की फिल्म ‘अस्सी’ को रिलीज हुए करीब 12 दिन हो चुके हैं. फिल्म की कहानी संवेदनशील विषय पर आधारित होने के कारण इसका दर्शक वर्ग सीमित नजर आ रहा है. यही वजह है कि फिल्म का कलेक्शन अपेक्षाकृत कम रहा. रिलीज के 12वें दिन यानी दूसरे मंगलवार को फिल्म ने करीब 0.36 लाख रुपये की कमाई की.
‘बॉर्डर 2’ अब भी कर रही कमाई
सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ को रिलीज हुए करीब 40 दिन हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर टिके रहने में कामयाब रही है. छठे मंगलवार को फिल्म ने करीब 0.25 करोड़ रुपये यानी 25 लाख रुपये का कलेक्शन किया. दिलचस्प बात यह है कि इतनी पुरानी होने के बावजूद यह फिल्म कुछ नई फिल्मों से बेहतर प्रदर्शन कर रही है.
‘मर्दानी 3’ का स्थिर प्रदर्शन
रानी मुखर्जी स्टारर ‘मर्दानी 3’ को भी सिनेमाघरों में आए एक महीने से ज्यादा का समय हो चुका है. क्राइम थ्रिलर जॉनर की इस फिल्म का अपना अलग दर्शक वर्ग है, जिसकी वजह से यह फिल्म लगातार स्थिर कमाई कर रही है. पांचवें मंगलवार को फिल्म ने करीब 0.23 करोड़ रुपये यानी 23 लाख रुपये का कलेक्शन किया.
कुल मिलाकर कैसा रहा दिन?
मंगलवार का दिन बॉक्स ऑफिस के लिए मिला-जुला रहा. जहां नई फिल्मों में ‘द केरला स्टोरी 2’ ने मजबूती दिखाई, वहीं पुरानी फिल्मों में ‘बॉर्डर 2’ और ‘मर्दानी 3’ ने अपनी पकड़ बनाए रखी. दूसरी ओर ‘ओ रोमियो’ और ‘अस्सी’ जैसी फिल्मों की कमाई में गिरावट साफ नजर आई. आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन-सी फिल्म दर्शकों को लंबे समय तक सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रहती है.
ये भी पढ़ें- PM Kisan Yojana: किसानों को हर महीने मिलेंगे 3,000 रुपये पेंशन, क्या है नियम और कैसे करें आवेदन?