अमेरिका के टेक्सास राज्य में रविवार दोपहर एक छोटे विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से दो लोगों की मौत हो गई. हादसा टैरंट काउंटी (Tarrant County) के हिक्स एयरफील्ड (Hicks Airfield) के पास हुआ, जब एक हल्का विमान हवा से गिरते हुए सीधे एक व्यावसायिक पार्किंग एरिया में जा टकराया. टक्कर के बाद विमान में आग लग गई और साथ ही आसपास खड़े कई भारी वाहन, जिनमें 18-व्हीलर ट्रक और ट्रेलर शामिल थे, भी आग की चपेट में आ गए.
स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:30 बजे, विमान नॉर्थ सैगिनॉ बुलेवार्ड (North Saginaw Boulevard) के पास बिजनेस रूट 287 के नजदीक स्थित एवोंडेल (Avondale) इलाके में गिरा. प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो फुटेज में साफ देखा गया कि विमान ऊंचाई से बेहद तेज गति से गिरते हुए जमीन से टकराया. टक्कर के बाद जोरदार विस्फोट हुआ और आसमान में काले धुएं का गुबार फैल गया.
🚨🇺🇸 TRAGIC PLANE CRASH KILLS TWO NORTH OF FORT WORTH
— Info Room (@InfoR00M) October 12, 2025
Two people were killed after a small plane crashed Sunday afternoon in the 12700 block of North Saginaw Boulevard near Avondale, north of Fort Worth, Texas.
🔹Witnesses reported hearing a loud explosion before seeing the… pic.twitter.com/Jm8aAIhJOU
कुछ ही पलों में पूरे इलाके में आग की लपटें फैल गईं. हादसे के तुरंत बाद फोर्ट वर्थ फायर डिपार्टमेंट (Fort Worth Fire Department) की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए ऑपरेशन शुरू किया. स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, आग बुझा दी गई है लेकिन कूलिंग प्रक्रिया अभी भी जारी है ताकि दोबारा आग न भड़के.
कितने लोगों की मौत हुई?
स्थानीय अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस दुर्घटना में कम से कम दो लोगों की मौत हो चुकी है. मृतकों की पहचान अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है. यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान में उस समय कुल कितने लोग सवार थे.
विमान कहां से आया था?
फिलहाल, यह जानकारी उपलब्ध नहीं है कि विमान ने उड़ान कहां से भरी थी और उसका गंतव्य क्या था. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विमान संभवतः हिक्स एयरफील्ड (T67) से संबंधित था, जो एक निजी हवाई पट्टी है और फोर्ट वर्थ के उत्तरी हिस्से में स्थित है. यह एयरस्ट्रिप आमतौर पर व्यक्तिगत उपयोग और छोटे विमानों की उड़ानों के लिए उपयोग में लाई जाती है.
प्रभावित क्षेत्र और इमरजेंसी रिस्पॉन्स
विमान के गिरने से आसपास खड़े कई ट्रक और वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं. इनमें कई 18-व्हीलर ट्रक शामिल हैं जो औद्योगिक पार्किंग में खड़े थे. हादसे की जगह फोर्ट वर्थ अलायंस एयरपोर्ट और मिचम एयरपोर्ट के बीच स्थित है, जो डालास–फोर्ट वर्थ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पश्चिमी क्षेत्र के अंतर्गत आता है.
फोर्ट वर्थ फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि मौके पर फायर ब्रिगेड, पुलिस, मेडिकल इमरजेंसी यूनिट्स और जांच एजेंसियों की टीमें भेजी गई हैं. राहत और बचाव कार्यों के दौरान किसी और के घायल होने की सूचना फिलहाल नहीं मिली है. अधिकारियों ने यह भी बताया कि दुर्घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया गया है और वहां केवल अधिकृत एजेंसियों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है.