The Raja Saab: प्रभास की 'द राजा साब' का बॉक्स ऑफिस पर बुरा हाल, जानें 8 दिनों का कलेक्शन

लंबे इंतजार के बाद प्रभास स्टारर फिल्म ‘द राजा साब’ 9 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.

The Raja Saab Prabhas movie Box Office collection
Image Source: Social Media

The Raja Saab: लंबे इंतजार के बाद प्रभास स्टारर फिल्म ‘द राजा साब’ 9 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. करीब 400 करोड़ रुपये के भारी बजट में बनी इस फिल्म से ट्रेड और फैंस को काफी उम्मीदें थीं. लेकिन रिलीज के साथ ही फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों की ओर से नकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, जिसका सीधा असर इसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर साफ दिखाई दे रहा है.

मारुति के निर्देशन में बनी यह फिल्म भले ही पहले दिन ठीक-ठाक ओपनिंग लेने में कामयाब रही हो, लेकिन इसके बाद फिल्म की कमाई लगातार फिसलती चली गई. हालात ऐसे बन चुके हैं कि आठ दिनों में ही फिल्म का भविष्य लगभग तय नजर आने लगा है.

लगातार टूटा कलेक्शन का ग्राफ

प्रभास की फिल्मों को लेकर दर्शकों में हमेशा खास उत्साह रहता है और ‘द राजा साब’ भी साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल थी. हालांकि कंटेंट कमजोर पड़ने के कारण फिल्म दर्शकों को बांधने में असफल रही. प्रभास की स्टार पावर भी इस बार फिल्म को गिरने से नहीं बचा पाई.

रिलीज के बाद हर गुजरते दिन के साथ फिल्म की कमाई में भारी गिरावट दर्ज की गई. हालत यह हो गई है कि अब फिल्म के लिए एक दिन में 5 करोड़ रुपये कमाना भी मुश्किल साबित हो रहा है. पहला हफ्ता पूरा होने के बावजूद फिल्म अपने कुल बजट का आधा हिस्सा भी रिकवर नहीं कर सकी है.

पहले हफ्ते में कितनी रही कमाई?

अगर पहले हफ्ते के आंकड़ों पर नजर डालें तो ‘द राजा साब’ ने 7 दिनों में कुल 130.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. भाषा के हिसाब से कलेक्शन कुछ इस तरह रहा:

  • तेलुगु वर्जन: 106.8 करोड़ रुपये
  • हिंदी वर्जन: 21.8 करोड़ रुपये
  • तमिल वर्जन: 1.06 करोड़ रुपये
  • कन्नड़ वर्जन: 0.36 करोड़ रुपये
  • मलयालम वर्जन: 0.23 करोड़ रुपये

इन आंकड़ों से साफ है कि फिल्म की कमाई का बड़ा हिस्सा तेलुगु मार्केट से आया है, जबकि अन्य भाषाओं में फिल्म का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा है.

आठवें दिन की कमाई ने बढ़ाई निराशा

अब फिल्म दूसरे हफ्ते में प्रवेश कर चुकी है, लेकिन राहत की कोई खबर नहीं है. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, रिलीज के आठवें दिन ‘द राजा साब’ सिर्फ 3 करोड़ रुपये ही कमा पाई.

इसके साथ ही फिल्म का 8 दिनों का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 133.25 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है, जो 400 करोड़ के बजट के मुकाबले बेहद निराशाजनक माना जा रहा है.

200 करोड़ का आंकड़ा भी दूर

रिलीज के आठ दिन बाद भी फिल्म 200 करोड़ का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि फिल्म का थिएटर रन ज्यादा लंबा नहीं चल पाएगा. जिस रफ्तार से कलेक्शन गिर रहा है, उसे देखते हुए फिल्म का बजट निकाल पाना लगभग नामुमकिन नजर आ रहा है.

ट्रेड एक्सपर्ट्स की मानें तो ‘द राजा साब’ अब प्रभास के करियर की एक और फ्लॉप फिल्म साबित होती दिख रही है. इसके साथ ही यह प्रोजेक्ट मेकर्स के लिए भी भारी नुकसान का सौदा बनता जा रहा है. मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए फिल्म का जल्द ही सिनेमाघरों से पैकअप होना तय माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- नोएडा के जेवर एयरपोर्ट से जुड़ेगा 'नमो भारत', 3 शहरों तक बनेगा सीधा कॉरिडोर, जानें नया रूट