Money Heist Teaser: दुनियाभर में लोकप्रिय स्पेनिश वेब सीरीज Money Heist एक बार फिर चर्चा में आ गई है. लंबे समय तक दर्शकों का मनोरंजन करने वाली इस सीरीज को लेकर अब नए सीजन की अटकलें तेज हो गई हैं. पांच साल पहले रिलीज हुए आखिरी सीजन के बाद फैंस लगातार इसकी वापसी का इंतजार कर रहे थे और अब ऐसा लग रहा है कि मेकर्स ने इस फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है.
रविवार को Netflix ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक खास पोस्ट शेयर किया, जिसने फैंस की उत्सुकता को अचानक बढ़ा दिया. इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर मनी हाइस्ट फिर ट्रेंड करने लगी.
नेटफ्लिक्स ने शेयर किया खास टीजर
नेटफ्लिक्स की ओर से शेयर किए गए पोस्ट में मनी हाइस्ट के पुराने सीजनों की झलक दिखाई गई. वीडियो में प्रोफेसर और उनकी टीम के कई यादगार सीन शामिल थे, जिन्होंने इस सीरीज को दुनियाभर में पहचान दिलाई.
पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, “क्रांति अभी खत्म नहीं हुई है… LA CASA DE PAPEL की दुनिया जारी है.” इसी एक लाइन ने फैंस के बीच हलचल मचा दी है. हालांकि पोस्ट में सीधे तौर पर “सीजन 6” का जिक्र नहीं किया गया, लेकिन जिस तरह का संदेश दिया गया है, उससे साफ संकेत मिल रहा है कि फ्रेंचाइजी की अगली किस्त पर काम चल रहा है.
The revolution isn't over yet. The world of LA CASA DE PAPEL continues... pic.twitter.com/2nxNRrYlkw
— Netflix (@netflix) May 9, 2026
पांच साल पहले आया था आखिरी सीजन
मनी हाइस्ट का आखिरी सीजन करीब पांच साल पहले नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया था. उस दौरान प्रोफेसर और उनकी टीम की कहानी को बड़े स्तर पर खत्म किया गया था. सीरीज के आखिरी एपिसोड्स ने दुनियाभर के दर्शकों को भावुक कर दिया था. इसके बाद माना जा रहा था कि फ्रेंचाइजी यहीं खत्म हो गई है, लेकिन अब नए पोस्ट ने फिर से उम्मीद जगा दी है.
दुनियाभर में है जबरदस्त फैन फॉलोइंग
मनी हाइस्ट सिर्फ स्पेनिश वेब सीरीज नहीं रही, बल्कि यह ग्लोबल पॉप कल्चर का हिस्सा बन गई. प्रोफेसर, टोक्यो, बर्लिन और बाकी किरदारों ने दुनियाभर में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की. सीरीज की कहानी, मास्क, रेड जंपसूट और इसके डायलॉग्स लंबे समय तक सोशल मीडिया पर छाए रहे. भारत में भी इस शो की बड़ी फैन फॉलोइंग देखने को मिली थी.
फैंस के बीच बढ़ी उत्सुकता
नेटफ्लिक्स के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार नए सीजन को लेकर चर्चा कर रहे हैं. कई यूजर्स का मानना है कि यह सीधे तौर पर मनी हाइस्ट सीजन 6 की ओर इशारा है, जबकि कुछ लोग इसे स्पिन-ऑफ या नई कहानी की शुरुआत मान रहे हैं.
हालांकि अभी तक मेकर्स की तरफ से आधिकारिक तौर पर रिलीज डेट, स्टारकास्ट या कहानी को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है. बावजूद इसके, सिर्फ एक पोस्ट ने फैंस की एक्साइटमेंट को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है.
क्या फिर लौटेगी प्रोफेसर की टीम?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर मनी हाइस्ट का नया सीजन आता है तो क्या उसमें पुराने किरदारों की वापसी होगी या कहानी पूरी तरह नए अंदाज में दिखाई जाएगी. फिलहाल नेटफ्लिक्स ने सिर्फ संकेत दिए हैं, लेकिन इतना तय माना जा रहा है कि “ला कासा डे पापेल” की दुनिया अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें- बेंगलुरु में PM मोदी के रूट के पास मिला विस्फोटक सामान, जिलेटिन स्टिक्स मिलने से मचा हड़कंप