अमेरिका में इंसान से ज्यादा बंदूकें... क्या गोलियों से चलता है लोकतंत्र, क्यों हुई चार्ली की हत्या?

अमेरिका जो खुद को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और सबसे मजबूत ‘फ्रीडम चैंपियन’ बताता है, एक बार फिर बंदूक़ों की गोली से थर्रा उठा. इस बार निशाना बना एक जाना-पहचाना नाम- चार्ली किर्क.

There are more guns than people in America
प्रतिकात्मक तस्वीर/ Social Media

अमेरिका जो खुद को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और सबसे मजबूत ‘फ्रीडम चैंपियन’ बताता है, एक बार फिर बंदूक़ों की गोली से थर्रा उठा. इस बार निशाना बना एक जाना-पहचाना नाम- चार्ली किर्क. एक युवा, मुखर और प्रभावशाली राजनीतिक कार्यकर्ता, जिनकी पहचान डोनाल्ड ट्रंप के करीबी समर्थक और 'कंजरवेटिव यूथ मूवमेंट' के चेहरे के रूप में होती थी. लेकिन यही चार्ली, जो बंदूक रखने के अधिकार को अमेरिकियों की सबसे बड़ी आज़ादी बताते थे, बंदूक से चली गोली का शिकार बन गए.

घटना केवल एक हत्या नहीं है. यह उस व्यवस्था की त्रासदी है जिसमें लोकतंत्र के नाम पर हथियारों की अराजक आज़ादी को संरक्षण मिला हुआ है.

घटना कहां और कैसे हुई?

मामला यूटा वैली यूनिवर्सिटी का है. वहां एक बड़े आयोजन में चार्ली किर्क अपने चर्चित ‘प्रूव मी रॉन्ग’ कार्यक्रम के तहत तकरीबन 3,000 युवाओं से संवाद कर रहे थे. वे खुले मैदान में, मंच पर बैठे थे, जहां श्रोताओं के बीच से ही कुछ लोग विरोध भी जता रहे थे.

दोपहर करीब 12:20 बजे, अचानक एक गोली चली. यह गोली सीधे चार्ली के गले में लगी. हड़कंप मच गया. चीख-पुकार मच गई. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए.

पुलिस जांच में सामने आया कि गोली लगभग 130 मीटर की दूरी से चलाई गई थी, यानी यह एक पूर्व नियोजित हमला था.

चार्ली किर्क कौन थे?

चार्ली किर्क का नाम अमेरिका में एक नई राजनीतिक पीढ़ी के प्रतिनिधि के रूप में जाना जाता था. वे महज़ 18 साल की उम्र में ही "Turning Point USA" नाम से एक संगठन की शुरुआत कर चुके थे, जो अमेरिका के स्कूल-कॉलेज के छात्रों में कंजरवेटिव वैल्यूज को बढ़ावा देने का काम करता था.

वे रिपब्लिकन पार्टी, विशेष रूप से डोनाल्ड ट्रंप के घोर समर्थक थे और ट्रंप के 2024 के चुनाव अभियान में युवाओं को जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहे थे. उनके रेडियो शो, सोशल मीडिया पोस्ट और पब्लिक डिबेट्स लाखों युवाओं को आकर्षित करते थे.

लेकिन उनके विचारों को लेकर समाज दो हिस्सों में बंटा हुआ था. एक तरफ उनके प्रशंसक थे जो उन्हें एक साहसी विचारक मानते थे, और दूसरी ओर आलोचक जो उन्हें विभाजनकारी और कट्टरपंथी विचारों का प्रचारक कहते थे.

अमेरिका की 'गन कल्चर'

चार्ली किर्क की मौत एक ऐसे देश में हुई जहां बंदूकें लोगों के जीवन का हिस्सा बन चुकी हैं. संविधान के सेकंड अमेंडमेंट के तहत अमेरिका में हर नागरिक को हथियार रखने का अधिकार है. लेकिन सवाल ये है कि क्या यह अधिकार आज के दौर में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है या उनकी ज़िंदगी को ही खतरे में डाल रहा है?

कुछ चौंकाने वाले तथ्य:

अमेरिका में लगभग 500 मिलियन (50 करोड़) से अधिक बंदूकें हैं, जबकि जनसंख्या लगभग 34 करोड़ है. यानी प्रत्येक व्यक्ति के नाम औसतन 1.5 बंदूक है.

  • करीब 46% घरों में कम से कम एक बंदूक है.
  • हर 11 मिनट में एक व्यक्ति बंदूक से मारा जाता है.
  • 2023 में बंदूकों से 46,000 मौतें हुईं इनमें से 27,000 आत्महत्याएं, 18,000 हत्याएं, और शेष दुर्घटनाएं थीं.
  • 2022 में 46 स्कूल शूटिंग घटनाएं दर्ज की गईं.

इन आँकड़ों से स्पष्ट है कि अमेरिका में बंदूकें सुरक्षा नहीं, खतरा बन गई हैं.

फ्रीडम या वोट बैंक?

यह विडंबना ही है कि अमेरिका में बंदूक रखने की स्वतंत्रता को इतना बड़ा मुद्दा बना दिया गया है कि राजनीतिक दल भी इसके खिलाफ बोलने से डरते हैं.

नेशनल राइफल एसोसिएशन (NRA) जैसे संगठनों का राजनीतिक दलों पर भारी दबाव है. ये संगठन नेताओं को मिलियन डॉलर डोनेशन देते हैं ताकि वे बंदूक नियंत्रण कानूनों को लागू न करें.

चार्ली किर्क खुद NRA के समर्थक थे. वे मानते थे कि बंदूकें लोगों को न केवल अपराधियों से, बल्कि तानाशाही सरकार से भी बचाने का साधन हैं.

लेकिन सवाल ये है कि जिस अधिकार की रक्षा के लिए वे लड़ रहे थे, वहीं अधिकार उनकी जान ले बैठा.

ये भी पढ़ें- भारत की रक्षा करेगा इजरायली बराक-8 एयर डिफेंस सिस्टम, रूसी S-400 के साथ मिलकर करेगा कमाल, जानें प्लान