WPL 2026 से RCB के कोचिंग स्टाफ में होगा फेरबदल, बदल जाएंगे हेड कोच और गेंदबाजी कोच, किसे मिली कमान?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपनी कोचिंग टीम में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं.

There will be reshuffle in RCBs coaching staff from WPL 2026
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

बेंगलुरु: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपनी कोचिंग टीम में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं. टीम ने इंग्लैंड की पूर्व तेज गेंदबाज अन्या श्रब्सोल को नया बॉलिंग कोच नियुक्त किया है, जबकि तमिलनाडु के अनुभवी स्पिनर मालोलन रंगराजन को टीम का नया हेड कोच बनाया गया है.

यह बदलाव इसलिए किया गया है क्योंकि पिछले हेड कोच ल्यूक विलियम्स इस सीजन में उपलब्ध नहीं रहेंगे. विलियम्स ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) में एडिलेड स्ट्राइकर्स टीम के साथ व्यस्त रहेंगे.

रंगराजन का RCB के साथ अनुभव

मालोलन रंगराजन RCB के साथ लंबे समय से जुड़े हुए हैं. उन्होंने पहले भी कोच बेन सॉयर, माइक हेसन और ल्यूक विलियम्स के साथ काम किया है. 2024 में, उनकी कोचिंग टीम में मौजूदगी के दौरान RCB ने अपना पहला WPL खिताब जीता था. अब, हेड कोच की भूमिका में रंगराजन टीम की रणनीति, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के विकास की जिम्मेदारी संभालेंगे.

अन्या श्रब्सोल की पहली WPL कोचिंग

इंग्लैंड की वर्ल्ड कप विजेता गेंदबाज अन्या श्रब्सोल के लिए यह पहली WPL कोचिंग जिम्मेदारी होगी. श्रब्सोल 2017 में इंग्लैंड को वनडे वर्ल्ड कप जिताने वाली टीम का हिस्सा थीं. उन्होंने 2022 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया और अपने करियर में 200 से ज्यादा विकेट लिए.

रिटायरमेंट के बाद श्रब्सोल ने इंग्लैंड की सदर्न वाइपर्स टीम में खिलाड़ी और सहायक कोच के तौर पर काम किया. अब वे RCB में सुनैत्रा परांजपे की जगह लेंगी, जो पिछले WPL सीजन में टीम की बॉलिंग कोच थीं.

बाकी सपोर्ट स्टाफ में कोई बड़ा बदलाव नहीं

RCB के अन्य सपोर्ट स्टाफ में इस बार कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है. आर. मुरलीधर बल्लेबाजी कोच बने रहेंगे, जबकि नवनीता गौतम टीम की हेड फिजियो के तौर पर अपनी जिम्मेदारी जारी रखेंगी. इस तरह टीम की स्थिरता और पिछले वर्षों के अनुभव का फायदा नए सीजन में भी मिलता रहेगा.

रंगराजन की पहली चुनौती: खिलाड़ियों का रिटेंशन

नए हेड कोच रंगराजन की पहली बड़ी जिम्मेदारी होगी टीम के खिलाड़ियों का रिटेंशन तय करना. सूत्रों के अनुसार, RCB को 5 नवंबर तक यह तय करना है कि किन खिलाड़ियों को अगले सीजन के लिए रखा जाएगा.

टीम ने स्मृति मंधाना को कप्तान और पहली रिटेंशन के तौर पर बरकरार रखने का फैसला किया है. इसके अलावा, एलिसे पेरी, ऋचा घोष, सोफी मोलिन्यू और श्रेयांका पाटिल के साथ भी टीम प्रबंधन बातचीत कर रहा है. यह कदम टीम की रणनीति और संतुलन को बनाए रखने के लिए अहम माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- अब मेक्सिको की जमीन पर होगा ऑपरेशन! सेना उतराने की तैयारी में ट्रंप, CIA भी होगी शामिल, जानें प्लान