चेहरे पर दिखें ये 7 लक्षण तो तुरंत हो जाएं सावधान, फैटी लिवर के हो सकते हैं संकेत, भूलकर भी न करें इग्नोर

Face And Liver Connection: हमारा शरीर हमेशा हमें संकेत देता है कि क्या कुछ ठीक चल रहा है और क्या नहीं. खासकर हमारे चेहरे पर जो बदलाव होते हैं, वे न सिर्फ हमारी इमोशंस को दर्शाते हैं, बल्कि शरीर के अंदर चल रही प्रक्रियाओं की भी जानकारी देते हैं.

these 7 facial signs that may indicate fatty liver disease
Image Source: Freepik

Face And Liver Connection: हमारा शरीर हमेशा हमें संकेत देता है कि क्या कुछ ठीक चल रहा है और क्या नहीं. खासकर हमारे चेहरे पर जो बदलाव होते हैं, वे न सिर्फ हमारी इमोशंस को दर्शाते हैं, बल्कि शरीर के अंदर चल रही प्रक्रियाओं की भी जानकारी देते हैं. जब लिवर में कोई समस्या होती है, तो वह हमारे चेहरे पर कुछ खास तरह के लक्षण दिखा सकता है. डॉ. राजेश पधान ने इन लक्षणों पर विस्तार से बताया है और यह समझाया है कि क्यों हमें इन बदलावों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

आंखों के नीचे काले घेरे

आंखों के नीचे काले घेरे होने का सबसे आम कारण थकान और नींद की कमी मानी जाती है, लेकिन अगर पूरी रात आरामदायक नींद के बाद भी यह घेरें गायब नहीं होते, तो इसका मतलब लिवर ठीक से काम नहीं कर रहा हो सकता है. लिवर शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने का काम करता है, और जब वह ठीक से काम नहीं करता, तो ये विषाक्त पदार्थ शरीर में जमा होने लगते हैं. इसके कारण थकान बढ़ती है और ब्लड सर्कुलेशन पर असर पड़ता है, जो आंखों के नीचे काले घेरे के रूप में सामने आता है.

गालों पर लालिमा

गालों पर अचानक से लालिमा आना, केवल एक ब्लश या थकावट का नतीजा नहीं है. डॉ. पधान के अनुसार, अगर लिवर सही तरीके से कार्य नहीं कर रहा है, तो शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर बढ़ सकता है. इसके कारण गालों पर असामान्य लालिमा हो सकती है. यह समस्या आमतौर पर अल्कोहॉलिक फैटी लिवर जैसी स्थितियों में देखी जाती है.

रूखी त्वचा और खुजली वाले धब्बे

चेहरे पर सूखी त्वचा या खुजली वाले धब्बे दिखना सिर्फ त्वचा की समस्या नहीं हो सकती है. यह लिवर की खराबी का संकेत हो सकता है. जब लिवर में समस्या होती है, तो शरीर में बाइल सॉल्ट और पोषक तत्वों की कमी होने लगती है, जिससे त्वचा पर यह बदलाव आ सकते हैं. इस स्थिति को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है, क्योंकि यह लिवर की अंदरूनी गड़बड़ी का संकेत है.

लिवर का सबसे साफ और स्पष्ट संकेत

जब आपकी त्वचा या आंखें पीली होने लगती हैं, तो यह लिवर की सबसे स्पष्ट समस्या का संकेत है. यह स्थिति बिलीरुबिन नामक वेस्ट प्रोडक्ट के शरीर में जमा होने से होती है, जिसे लिवर प्रोसेस करता है. अगर पीलिया की स्थिति लगातार बनी रहे, तो यह फैटी लिवर या किसी अन्य गंभीर लिवर बीमारी की ओर इशारा कर सकता है.

चेहरे पर सूजन

अगर आपके चेहरे पर अचानक से सूजन या फुलाव दिखाई दे, तो यह लिवर की गड़बड़ी का संकेत हो सकता है. लिवर जब शरीर में तरल पदार्थ का संतुलन बनाए रखने में असमर्थ होता है, तो पानी शरीर में जमा हो जाता है, और उसका असर सबसे पहले चेहरे पर दिखाई देता है.

मुंहासे: सिर्फ स्किन प्रॉब्लम नहीं

मुंहासे अक्सर केवल त्वचा की समस्या के रूप में देखे जाते हैं, लेकिन जबड़े और गालों के आसपास बार-बार मुंहासे निकलना लिवर से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है. डॉ. पधान के अनुसार, लिवर की खराबी से हार्मोन असंतुलन और टॉक्सिन्स का जमाव होता है, जो एक्ने का कारण बन सकता है.

फीकी और बेजान त्वचा

अगर आपकी त्वचा पहले जैसी चमकदार नहीं रही और वह फीकी या बेजान दिखने लगे, तो यह फैटी लिवर का संकेत हो सकता है. जब लिवर ठीक से डिटॉक्सिफाई और मेटाबोलिज्म नहीं कर पाता, तो यह आपकी त्वचा की प्राकृतिक चमक को भी प्रभावित कर सकता है.

कब डॉक्टर से मिलें?

चेहरे पर दिखने वाले ये लक्षण अक्सर पेट में असहजता, थकान, या कमजोरी के साथ जुड़ जाते हैं. यदि आप भी इन लक्षणों का सामना कर रहे हैं, तो यह समय है कि आप डॉक्टर से सलाह लें. समय पर जांच, संतुलित डाइट और नियमित एक्सरसाइज से आप लिवर की समस्याओं से बच सकते हैं और किसी भी गंभीर स्थिति का सामना करने से बच सकते हैं. 

Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.

ये भी पढ़ें: साल का पहला महीना और लोगों के लिए बना ‘Divorce मंथ’, जानें क्यों और कैसे