पाकिस्तान के तेज गेंदबाज, भारत के ओपनर्स... ये 4 फैक्टर्स तय करेंगे Ind vs Pak फाइनल मैच का रिजल्ट

41 साल बाद एशिया कप के इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान की टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी.

These factors will decide the result of the Ind vs Pak final match
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

India Pakistan Final: 41 साल बाद एशिया कप के इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान की टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी. इससे पहले टूर्नामेंट के ग्रुप और सुपर-4 स्टेज में भारत ने पाकिस्तान को दोनों बार हराया था और वह भी एकतरफा अंदाज़ में. दोनों मुकाबले दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए थे और संयोग से फाइनल भी इसी मैदान पर होना है.

भारत का फॉर्म अभी चरम पर है, खासकर बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलन दिखाई दे रहा है. वहीं, पाकिस्तान ने भले ही भारत के खिलाफ हार झेली हो, लेकिन बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाफ जीत के साथ वह आत्मविश्वास के साथ वापसी कर चुका है. दोनों टीमों की मजबूती और कमजोरी को देखते हुए फाइनल रोमांचक होने की पूरी संभावना है.

ऐसे में आइए जानते हैं वो चार निर्णायक फैक्टर्स जो इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का परिणाम तय कर सकते हैं.

1. पिच और टॉस का रहस्य

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच आमतौर पर धीमी मानी जाती है, और यहां टॉस का असर काफी अहम होता आया है. 2018 से लेकर अब तक इस मैदान पर टॉप-8 अंतरराष्ट्रीय टीमों ने कुल 20 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 15 मैचों में चेज़ करने वाली टीम ने जीत हासिल की. इस आंकड़े के आधार पर अधिकांश कप्तान टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला करते हैं.

हालांकि, हाल के तीन मुकाबलों पर नज़र डालें तो इनमें से दो बार पहले बैटिंग करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है, और एक मैच टाई रहा. ऐसे में अब यह साफ़ है कि टॉस जीतने के बाद कप्तानों के लिए फैसला लेना आसान नहीं रहेगा.

फाइनल में क्या होगा?

पिच अगर थोड़ी भी सूखी या स्पिन-अनुकूल रही तो पहले बैटिंग करने वाली टीम को बढ़त मिल सकती है. वहीं, अगर ओस पड़ती है तो दूसरी पारी में गेंदबाज़ी करना चुनौतीपूर्ण हो जाएगा. इसलिए पिच की सतह, मौसम और ओस की संभावना ये तीनों कारक कप्तान के फैसले को प्रभावित करेंगे.

2. भारत की ओपनिंग जोड़ी

भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी ताकत उसकी ओपनिंग जोड़ी रही है- अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल. ये दोनों बल्लेबाज न केवल शानदार फॉर्म में हैं, बल्कि एक-दूसरे के गेम को समझते भी हैं.

अभिषेक शर्मा ने इस टूर्नामेंट में अब तक तीन अर्धशतक लगाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 200 से ऊपर रहा है, जो टी20 में किसी भी ओपनर के लिए शानदार माना जाता है.

दूसरी ओर, शुभमन गिल ने संयमित पारी खेलकर टीम को स्थिरता दी है. वे पिच को समझकर शॉट्स खेलते हैं और दबाव की स्थिति में विकेट बचाकर रखते हैं.

दोनों ने मिलकर एशिया कप 2025 में 273 रन की साझेदारी की है, औसत 45 रहा है और पाकिस्तान के खिलाफ एक शतकीय साझेदारी भी कर चुके हैं. अगर ये दोनों बल्लेबाज फाइनल में टिक गए, तो भारत पावरप्ले के अंदर ही 70-80 रन बना सकता है, जो इस मैदान पर मैच टर्निंग स्कोर साबित हो सकता है.

3. पाकिस्तान के तेज गेंदबाज

पाकिस्तान की गेंदबाजी में सबसे बड़ा हथियार उसकी पेस अटैक है. शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ जैसे गेंदबाज किसी भी बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर सकते हैं.

शाहीन अफरीदी ने इस टूर्नामेंट में 6 मैचों में 9 विकेट चटकाए हैं. वह नई गेंद से पारी की शुरुआत में ही खतरनाक साबित होते हैं, खासकर बाएं हाथ से स्विंग कराते हुए ओपनर को चकमा देने में माहिर हैं.

हारिस रऊफ ने सिर्फ 4 मैचों में 9 विकेट ले लिए हैं, यानी औसतन हर मैच में दो से ज्यादा विकेट. रऊफ का इस्तेमाल पाकिस्तान कप्तान मिडिल और डेथ ओवर्स में करते हैं, जहां उनकी 140 की गति और बाउंस बल्लेबाजों को परेशान करती है.

हारिस रऊफ का भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव के खिलाफ रिकॉर्ड भी बेहद प्रभावशाली है, उन्होंने तीन टी20 में सूर्यकुमार को तीन बार आउट किया है. अगर शाहीन और रऊफ ने शुरुआती और अंतिम ओवरों में विकेट झटके, तो पाकिस्तान फाइनल में वापसी कर सकता है.

4. भारत की स्पिन तिकड़ी

टीम इंडिया का स्पिन अटैक इस टूर्नामेंट में सबसे प्रभावशाली रहा है. खासकर कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल की तिकड़ी ने विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया है.

  • कुलदीप यादव टूर्नामेंट में अब तक 12 विकेट लेकर टॉप विकेट टेकर हैं.
  • वरुण चक्रवर्ती की मिस्ट्री गेंदें और स्लो पेस बैटर्स को टाइमिंग में गड़बड़ करवा देती हैं.
  • अक्षर पटेल ने सटीक लाइन-लेंथ से रन रोकने का काम बखूबी किया है.

कुलदीप पाकिस्तान के खिलाफ हर मुकाबले में विकेट चटका रहे हैं. मौजूदा टूर्नामेंट में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 4 विकेट भी लिए हैं. साथ ही बुमराह, जो नई गेंद के साथ विकेट निकाल सकते हैं और डेथ में रन रोक सकते हैं, वो भारत के लिए X-Factor साबित हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें- DU में पढ़ाई, गाने की शौकीन... कौन हैं भारत की बेटी पेटल गहलोत, जिन्होंने UNGA में पाकिस्तान को लताड़ा?